दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से कुछ राहत, तेज हवा के साथ बारिश, राजस्थान में लू कहर जारी

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: July 3, 2021 20:09 IST2021-07-03T20:08:42+5:302021-07-03T20:09:44+5:30

weather update: मौसम विभाग ने शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया था।

weather update Delhi-NCR relief from heat rain strong wind heat wave continues in Rajasthan | दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से कुछ राहत, तेज हवा के साथ बारिश, राजस्थान में लू कहर जारी

रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 डिग्री एवं 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Highlightsअधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।शाम साढे़ पांच बजे आर्द्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गयी।शहर में पिछले 24 घंटे में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।

weather update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को तेज हवाएं चली और बारिश हुयी जिससे पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया था। विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है जबकि शाम साढे़ पांच बजे आर्द्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गयी।

विभाग ने रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा कि रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 डिग्री एवं 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि शहर में पिछले 24 घंटे में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में तेज गर्मी का कहर जारी

राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी का कहर जारी है जहां शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री से लेकर 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान चुरू व करौली में सबसे अधिक 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान पिलानी में 41.3 डिग्री, फलौदी में 41.2 डिग्री, गंगानगर में 41.3 डिग्री, सवाई माधोपुर में 40.9 डिग्री, पाली में 40.4 डिग्री, नागौर में 40.0 डिग्री, बीकानेर में 39.9 डिग्री, वनस्थली में 39.6 डिग्री, जयपुर व टोंक में 39.3 डिग्री व बाड़मेर में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए प्रतिकूल परिस्थितियां नहीं होने के कारण लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है।

नेपाल में बारिश और बाढ़ के कारण हुए भूस्खलन में 38 लोगों की मौत, 51 अन्य घायल

नेपाल में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण हुये भूस्खलन में पिछले 20 दिनों में सात बच्चों समेत 38 लोगों की मौत हो गयी जबकि 51 अन्य घायल हो गये। गृह मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ एवं बारिश के कारण हुई भूस्खलन की घटनाओं में 51 लोग घायल हुये हैं जबकि तीन बच्चों समेत 24 लोग लापता हैं।

इसने कहा कि इसी प्रकार देश के अलग-अलग हिस्सों में प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुए 1250 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मंत्रालय ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन के कारण कुल 790 मकानों में पानी घुस गया है। मंत्रालय ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन के कारण 519 मकान, 90 गोशालाएं और 19 पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये हैं। इसने कहा कि राहत एवं बचाव का काम जारी है और इस प्राकृतिक आपदा में 5,100 लोग विस्थापित हो गये हैं। 

Web Title: weather update Delhi-NCR relief from heat rain strong wind heat wave continues in Rajasthan

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे