लाइव न्यूज़ :

मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट, बिहार में बाढ़ से 6 और लोगों की मौत, जानें पूरे देश के मौसम का हाल

By भाषा | Updated: August 5, 2020 05:47 IST

weather alert today India: महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, उत्तराखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित देश के कई राज्यों में इस हफ्ते बारिश का अनुमान जताया गया है। देश के कई राज्यों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किए गए हैं।

Open in App
ठळक मुद्देबिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 19 हो गई। असम में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। देश के पूर्वी भाग ओडिशा के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है और यह सिलसिला इस सप्ताहांत तक चलने की उम्मीद है। असम में पानी कम होने से बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

नई दिल्ली:  बिहार में मंगलवार (4 अगस्त) को बाढ़ की वजह से छह और लोगों की मौत हो गई। वहीं महाराष्ट्र के मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर बुधवार (5 अगस्त) के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। केरल के कुछ इलाकों, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने गुजरात के बड़े इलाके में अगले तीन दिनों तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।

तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में सोमवार से हो रही भारी बारिश की वजह से करीब 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश के 16 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं उत्तराखंड के बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है।

बिहार में खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां

बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 19 हो गई। वहीं राज्य के 16 जिलों में 63.60 लाख बाढ़ से प्रभावित हुए हैं जो सोमवार के मुकाबले सात लाख अधिक है। राज्य में बहने वाली कई नदियां जैसे बागमती, बूढ़ी गंडक, कमलाबलान, अधवारा, खिहोरी, महानंदा और घाघरा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गंगा नदी में कई स्थानों पर जलस्तर छह से 18 सेंटीमीटर तक बढ़ा है।

महाराष्ट्र के कई इलाकों में 5 और 6 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) और राज्य के कुछ और इलाके के लिए बुधवार को रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, ठाणे, पालघर, नासिक के लिए बुधवार (5 अगस्त) और बृहस्पतिवार (6 अगस्त) दो दिनों के लिए चेतावनी जारी की गई। मुंबई और उपनगरीय इलाकों के पटरी पर पानी भरने की वजह से कुछ रूट पर मंगलवार सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं स्थगित रहीं। उपनगर कांदिवली में पश्चिमी एक्सप्रेस राजमार्ग (डब्ल्यूईएच) पर मंगलवार सुबह भूस्खलन से पश्चिमी उपनगर से दक्षिणी मुबंई की ओर यातायात बाधित रहा।

कोर्ट में सुनवाई स्थगित,  कार्यालयों को किया गया बंद

दक्षिण मुंबई में कई कर्मचारियों के अदालत ना पहुंचने पर बंबई उच्च न्यायालय ने कई मामलों की ऑनलाइन सुनवाई स्थगित कर दी। महाराष्ट्र सरकार ने बारिश की वजह से मुंबई और उपनगरीय इलाकों स्थित अपने कार्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी। उत्तरी मुंबई के गोरई तट से करीब 12 किलोटर दूर समुद्र में नौका डूबने से दो मछुआरे लापता हो गए हैं जबकि 11 लोगों को बचा लिया गया है। उपनगरी सांताक्रूज के नाले में 35 वर्षीय एक महिला और उसके दो बच्चे बह गए। ठाणे में पूरी रात हुई बारिश की वजह से बिजली के खंभे में आए करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

गुजरात में आने वाले तीन दिन भारी बारिश के अनुमान

गुजरात में, आईएमडी ने पूरे प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। वहीं मंगलवार से शुक्रवार के बीच राज्य के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। सौराष्ट्र के कई इलाकों खासतौर पर गिर सोमनाथ, जूनागढ़, अमरेली और राजकोट जिलों में दिन में भारी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने दक्षिण और उत्तरी गुजरात से लगे तट पर रहने वाले मछुआरों को आठ अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की अपील की है। गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ इलाके के साथ-साथ दमन एवं दादरा नगर हवली में भी इस अवधि में मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।

केरल में पूरे हफ्ते हो सकती है बारिश, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी

केरल में, इडुकी, वायनाड और पलक्कड में भारी बारिश हुई और मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि इसे पूरे हफ्ते मध्य और उत्तरी केरल में बारिश का दौर जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि भवानी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और निचले इलाके में रह रहे कम से कम 51 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

आईएमडी ने इस हफ्ते के लिए केरल के इडुकी, मलाप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए इसी अवधि के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में, मौसम विभाग ने चार से आठ अगस्त के बीच नीलगिरि और कोयंबटूर जिलों के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

कोयंबटूर को लेकर आई खबर के मुताबिक मेट्टुपलायम में भवानी नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है क्योंकि पिल्लूर बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है।

जानिए देश के अन्य राज्यों के हाल

उत्तराखंड में अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने की घटना में 18 लोगों की मौत के अलावा गत रात 40 परिवार नदी के कटान और भूस्खलन की वजह से घर ढहने से बेघर हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के 16 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और राज्य से होकर बहने वाली शारदा, राप्ती और सरयू नदी कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ से 777 गांव प्रभावित हुए हैं जबकि 282 गांवों में पानी घुस गया है।

देश के पूर्वी भाग ओडिशा के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है और यह सिलसिला इस सप्ताहांत तक चलने की उम्मीद है। ओडिशा के उत्तरी और दक्षिणी तटीय इलाके में मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है जबकि भीतरी हिस्से और पुरी जिले के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बुधवार सुबह तक के लिए ऑरेज चेतावनी जारी की है लोगों को बहुत भारी बारिश के लिए तैयार रहने को कहा है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सोमवार रात से ही मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। कोलकात में मंगलवार दोपहर ढाई बजे तक 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। असम में पानी कम होने से बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि, आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक 15 जिले के 1.96 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। इस साल असम में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। 

टॅग्स :मौसम रिपोर्टमौसमभारतीय मौसम विज्ञान विभाग
Open in App

संबंधित खबरें

भारतWeather Updates: पश्चिमी विक्षोभ के बावजूद जम्मू-कश्मीर में मार्च का महीना गुजरा सूखा, 34 फीसदी दर्ज हुई गिरावट

भारतJammu and Kashmir: मार्च के महीने में जम्मू-कश्मीर में 43% बारिश की कमी, लगातार 7वीं बार सर्दियों के मौसम में सूखे का असर

कारोबारकश्मीर मौसमः ताजा बारिश और बर्फ से राहत, गुलमर्ग और सोनमर्ग में बर्फबारी से पर्यटक खुश, ईद के दिन बाजार में रौनक?

भारत8 मार्च 2020 के बाद 21 मार्च 2026?, पिछले 6 वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन दर्ज, दिल्ली-एनसीआर में कोहरा, वीडियो

भारतDelhi Weather Today: रिमझिम बारिश के बीच हुई दिल्लीवालों की सुबह, 16 डिग्री तापमान ने बढ़ाई सिहरन; आज रहेगा येलो अलर्ट

भारत अधिक खबरें

भारतLPG Cylinder Update: सिलेंडर के लिए अब लंबी वेटिंग खत्म! दिल्ली में बस ID कार्ड दिखाओ और 5KG सिलेंडर पाओ

भारतबाबा विश्वनाथ और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव में दर्शन-पूजन, सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे मंदिर, वीडियो

भारतपश्चिम बंगाल चुनावः 4660 अतिरिक्त मतदान केंद्र?, कुल संख्या 85379 और 23 और 29 अप्रैल को 2 चरणों में पड़ेंगे वोट

भारतTamil Nadu Election 2026: क्या CBSE का नया सिलेबस भाषा विवाद की जड़? सीएम स्टालिन ने कहा- "भाषा थोपने का सुनियोजित प्रयास"

भारतFire Accident: ONGC मुंबई हाई प्लेटफॉर्म पर भीषण आग, 10 लोग घायल; राहत और बचाव कार्य जारी