Voter Adhikaar Yatra: 16वें दिन पटना में समापन, राहुल गांधी बोले- एटम बम से भी बड़ा हाइड्रोजन बम आने वाला, देखिए वीडियो

By एस पी सिन्हा | Updated: September 1, 2025 16:49 IST2025-09-01T16:16:11+5:302025-09-01T16:49:50+5:30

राहुल गांधी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए बिहार में मतदाता सूची के मुद्दे को उठाया। पिछले दिनों राहुल गांधी ने एफआईआर में गड़बड़ी का दावा किया था।

watchVoter Adhikaar Yatra Rahul Gandhi Tejashwi Yadav Mahagathbandhan Patna video see 16th day end Gandhi said Hydrogen bomb bigger than atom bomb come | Voter Adhikaar Yatra: 16वें दिन पटना में समापन, राहुल गांधी बोले- एटम बम से भी बड़ा हाइड्रोजन बम आने वाला, देखिए वीडियो

photo-ani

Highlightsपटना में कहा कि एटम बम से भी बड़ा हाइड्रोजन बम आने वाला है। महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी से चुनाव चोरी किया गया था। लोकसभा हम जीते और विधानसभा में हम साफ हो गए,

पटनाः कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकाली गई मतदाता अधिकार यात्रा का सोमवार को समापन हो गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकाला गया मार्च डाकबंगला चौराहा पर पहुंचा, जहां पुलिस प्रशासन ने आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान यहां सभी नेताओं ने सभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए बिहार में मतदाता सूची के मुद्दे को उठाया। पिछले दिनों राहुल गांधी ने एफआईआर में गड़बड़ी का दावा किया था। इससे जुड़े खुलासे को ‘एटम बम’ बताया था।

 

अब पटना में उन्होंने कहा कि एटम बम से भी बड़ा हाइड्रोजन बम आने वाला है। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी से चुनाव चोरी किया गया था। यह शत प्रतिशत सत्य है। चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम बढ़ा दिए जाते हैं। हमें लोकसभा में जितने वोट मिले, विधानसभा में उतने ही वोट मिले, लेकिन लोकसभा हम जीते और विधानसभा में हम साफ हो गए,

क्योंकि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर वोट चोरी की। हमने साफ दिखाया कि एक विधानसभा में एक लाख से ज्यादा फर्जी मतदाता थे। तकरीबन 1 करोड़ नए मतदाता को लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची में जोड़े जाते हैं। हमारे गठबंधन को जितने मत लोकसभा चुनाव में मिले उतने ही विधानसभा में मिले, लेकिन सारे के सारे नए मत भाजपा के खाते में ग॥ क्यों?

क्योंकि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर वोट चोरी की। बेंगलुरू साउथ में एक लाख फर्जी वोट थे, वहां हम साफ हो जाते हैं और उसी कारण भाजपा जीत जाती है। हमने डेटा के साथ दिखाया। राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग हमें वीडियोग्राफी और मतदाता सूची नहीं देता। हमारे लोगों ने फोटो, एड्रेस मिलाकर यह सबूत रखा। ब्लैक एंड व्हाइट में हमने सबूत रखा।

उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ एक राज्य की बात नहीं है, बल्कि पूरे देश में लोकतंत्र के अधिकारों से खिलवाड़ किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवाओं से मैं कहना चाहता हूं कि वोट चोरी का मतलब अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा, लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य की चोरी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन आम लोगों के अधिकार के लिए है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर, नेहरू और महात्मा गांधी ने इस देश के हर गरीब, महिला और आम नागरिक को वोट का अधिकार दिलाया था। आज वही अधिकार खतरे में है। मैं आप सबसे अपील करता हूं कि इस लड़ाई को मजबूती से लड़ें। वोट चोरी की कोशिशों को बिहार से ही जवाब दिया जाएगा।

सभा के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि, जिन शक्तियों ने महात्मा गांधी की हत्या की, वहीं लोग संविधान की हत्या की कोशिश में लगे हैं। हम ऐसा नहीं करने देंगे। बिहार में यात्रा को जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला है। भाजपा के लोग काले झंडे दिखा रहे हैं। राहुल गांधी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है। भाजपा के लोग तैयार हो जाइए, हाइड्रोजन बम आ रहा है।

वोट चोरी की सच्चाई पूरे देश के सामने आएगी और उसके बाद नरेंद्र मोदी देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। वहीं, इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी हमेशा चोरी करने की आदत रखते हैं। वोटर चोरी करते हैं, पैसा चोरी करते हैं और जो लोग बैंक से लूटकर बाहर भाग जाते हैं, उनके साथ वो होते हैं।

आपको सतर्क होना चाहिए, नहीं तो मोदी और शाह आपको डुबा देंगे। इस देश में महात्मा गांधी, आंबेडकर जी, जवाहरलाल नेहरू जी ने वोट का अधिकार दिलाया। गरीब और अमीर कोई हो, वोट का अधिकार नहीं खोना है। मैं आपसे यही विनती करूंगा कि आज हम सबको चोर से लड़ना है। हमारे वजूद को जो खतरा है, उस खतरे को दूर करना है।

भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी ने शुरू किया, वोटर अधिकार यात्रा उन्होंने ही शुरू किया और तेजस्वी यादव जी के अलावा गठबंधन के सभी सहयोगी दलों ने मदद की। खड़गे ने कहा कि हमको मजबूती के साथ लड़ना है। मोदी जी आज अपने मित्रों को करोड़ों का फायदा करा रहे हैं। अगर मोदी ऐसा ही चाल चलते रहे तो इससे आप गरीबों, महिलाओं और दलितों को नुकसान होगा।

आज दलितों के पास वोट का अधिकार है तो नेता लोग आपके पास आते हैं, नहीं तो कौन पूछता? देश का उद्धार तब होगा, जब गरीबों का पेट भरेगा, संविधान बचेगा और लोकतंत्र बचेगा। यह दिखावा चलने वाला नहीं है। मणिपुर में लोग मर रहे हैं और ये सारी दुनिया में घूम रहे हैं. सैकड़ों देश में मोदी जी गए।

उन्होंने कहा कि कभी ट्रंप को गले लगाते हैं, कभी चाइना के प्रेसिडेंट को झूले पर बिठाते हैं, जो गले नहीं मिलता है तो जबर्दस्ती गले लगा लेते हैं। यह उनकी आदत है। यह डबल इंजन की सरकार 6 महीने के बाद नहीं रहेगी और यह नई सरकार आएगी, वो गरीबों की सरकार होगी, महिलाओं की सरकार होगी, दलितों की सरकार होगी।

इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां आ रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से पुलिस का इंतजाम नहीं किया गया। कल हमारी सरकार आएगी तो पुलिस धक्का मुक्की नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी एक समय में सोशलिस्ट की बात करते थे, लोहिया, जॉर्ज का गुण गाते थे, कहां गए वो उनके विचार। अब तो आप भाजपा की झोली में गिरे हैं। आरएसएस आपको कचरे के ढेर में फेंकेगी।

मतदाता अधिकार यात्रा' के समापन के मौके पर रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया और पीएम मोदी का नाम लिए बिना उनको निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से इतना ही कहूंगा कि आपने वोट अधिकार यात्रा से क्रांति की मिसाल जलाई है।

आपके साथ सिर्फ बिहार नहीं चला, आपके साथ पूरा देश चल रहा था। उन्होंने कहा कि अब हमारे वोट चोरों के सरदार चीन में बैठे हैं, ये क्रांति की आवाज चीन तक जानी चाहिए। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ज्यादा कुछ कहना नहीं है। यह बिहार की धरती है। यह लोकतंत्र की जननी है।

यह दो भाजपाई लोग चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र को ही खत्म करने की सोच रहे हैं। क्या बिहार के लोग लोकतंत्र को खत्म होने देंगे? भाजपाइयों का दिमाग घुटने में है। ये लोग बिहारियों को ठगने की सोच रहे हैं। फैक्ट्री लगाएंगे गुजरात में और वोट चाहिए बिहार में? यहां के लोग उड़ती चिड़िया को हल्दी लगाते हैं।

हमारे मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में चले गए हैं। यहां की डबल इंजन की सरकार में एक इंजन अपराध में तो दूसरा भ्रष्टाचार में है। आपको अपने वोट की रक्षा करनी है। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन का मतलब एक इंजन अपराध का और दूसरा भ्रष्टाचार का है। बिहार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। एक इंजीनियर को 100 करोड़ रुपए मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री उसी विभाग के मंत्री के यहां जाते हैं। जबकि मोदी जी हम पर मुकदमा करवाते हैं। यह भ्रष्टाचार का खेला बिहार की जनता पहचान चुकी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश सरकार तो हमारी नकल कर रही है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने फ्री बिजली का ऐलान किया तो बिहार सरकार ने भी फ्री बिजली की घोषणा कर दी।

हमारे घोषणा के बाद बिहार सरकार ने नकल करते हुए बिहार में महिला उद्यमी योजना, युवा आयोग बनाने जैसे ऐलान कर दिये हैं। मोदी जी और नीतीश जी हम लोगों पर जेल भेजने की धमकी देते हैं। लेकिन, जेल भेजना है तो भेज दें, हम लोग किसी से डरने वाले नहीं हैं। जब लालू यादव लाल कृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार कर सकते हैं, तो हम डरेंगे नहीं।

भगवान कृष्ण का जन्म भी जेल में हुआ था। जब लालू प्रसाद यादव जी नहीं डरे तो हम तो उन्ही के बेटे हैं। हम क्यों डरेंगे? हम श्रीकृष्ण के वंशज हैं। झुकने वाले नहीं हैं। लालू जी के गुण तेजस्वी यादव में है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बड़ी चालाकी से फर्जी वोट भी जोड़े जा रहे हैं। यहां लोगों को कड़ा जवाब देना है।

यहां की सरकार को उखाड़ कर फेंकना है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन गए हैं। यहां की सरकार चीटिंग सरकार है, जो हम कह रहे हैं, वहीं वो कर रहे हैं। यह सरकार नकल तो कर सकती है, सोच नहीं ला सकती है। आपको तय करना है कि आपको डुप्लीकेट सीएम चाहिए या ओरिजिनल सीएम।

सरकार को भगाना है। हम सभी लोगों को साथ लेकर चलेंगे, जहां दवाई, पढ़ाई, सिंचाई आदि मिलेंगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी जी झूठ बोलने के होलसेलर हैं, डिस्ट्रीब्यूटर हैं। वोटर चोरी करने वाला कौन है? हमारी हर एक अधिकारियों पर नजर है। चाहे छोटा अधिकारी हो या फिर बड़ा अधिकारी। सत्ता बदलने वाली है। जो भी गलत करेगा, उस पर कार्रवाई होगी।

यात्रा का आगाज़ पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से हुआ है, जो करीब 4 किलोमीटर लंबी दूरी तय कर हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचना था। इस खास राजनीतिक पदयात्रा को ‘गांधी से अंबेडकर’ नाम दिया गया था। गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू हुई यह यात्रा अंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देकर समाप्त होनी थी।

लेकिन प्रशासन ने राहुल-तेजस्वी की यात्रा को डाकबंगला चौराहे पर रोक दिया। बताया जा रहा है कि मतदाता अधिकार यात्रा के तहत हो रहे मार्च को डाक बंगला चौराहा तक की ही अनुमति मिली थी, इससे आगे की अनुमति नहीं थी। इसके तहत डाक बंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई थी। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मार्च को डाकबंगला चौराहा तक की ही परमिशन मिली थी।

नेताओं को आगे गाड़ी से बढ़ने दिया गया, जिन्होंने डा.भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित किया। जबकि कार्यकर्ताओं को डाकबंगला चौराहे पर रोक दिया जाएगा। इस तरह गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू हुई यह यात्रा अंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देकर समाप्त हो गई। इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ विपक्षी खेमे के दिग्गज नेताओं ने भाग लिया।

जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाकपा- माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, तृणमूल कांग्रेस से सांसद यूसुफ पठान, शिवसेना(यूबीटी) से संजय राउत, एनसीपी से सुप्रिया सुले, भाकपा महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव एमए बेबी, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई दिग्गज नेता भी मौजूद थे।

इसके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के दर्जनों मंत्री मार्च में शामिल हुए। विपक्षी दलों के इतने बड़े नेताओं का एक मंच पर जुटना बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।बता दें कि इस यात्रा ने पिछले 16 दिनों में बिहार के 23 जिलों को कवर किया। यात्रा के जरिए विपक्षी दल न सिर्फ मतदाता अधिकारों की लड़ाई को आवाज देने का प्रयास किया गया।

बल्कि एकजुट होकर केंद्र सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश भी किया गया। पटना का गांधी मैदान खचाखच भीड़ से भर गया था। यहां विपक्ष के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे थे। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह तैनात के बावजूद इसके भीड़ बेकाबू हो गई और धक्का मुक्की में कई विधायक भी गिर पड़े। जिन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

किसी को भी गांधी प्रतिमा तक जाने की इजाजत नही थी। पटना के गांधी मैदान से शुरू हो रही यात्रा में राजद का झंडा और बैनर गायब दिखा। सभी जगह सिर्फ कांग्रेस और वीआईपी के झंडे दिखाई पड़ रहे थे। कांग्रेस नेताओं के बड़े होर्डिंग, कांग्रेस की तस्वीरों के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश।

कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस और वीआईपी पार्टी के बैनर और झंडों की भरमार नजर आया। यह नजारा बड़े राजनीतिक संकेत की ओर इशारा कर रहा है। इससे कांग्रेस के बिहार में फ्रंटफुट पर आने की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है।

Web Title: watchVoter Adhikaar Yatra Rahul Gandhi Tejashwi Yadav Mahagathbandhan Patna video see 16th day end Gandhi said Hydrogen bomb bigger than atom bomb come

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे