नई दिल्लीः राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी (AAP) के उच्च कमान के बीच आंतरिक मतभेद गुरुवार को तब सामने आए, जब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में अपना उपनेता पद से हटाकर अशोक मित्तल को नियुक्त किया। राज्यसभा सचिवालय को लिखे पत्र में AAP ने अनुरोध किया कि चड्ढा को उच्च सदन में पार्टी के कोटे से बोलने का समय न दिया जाए। चड्ढा को कथित अनुशासनहीनता और पार्टी की विचारधारा का सख्ती से पालन न करने के कारण दरकिनार किया गया। शराब उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने के बाद कोई बयान नहीं दिया था।
राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के नए उपनेता अशोक मित्तल ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्ववर्ती राघव चड्ढा को हटाए जाने को पार्टी की एक सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा कि इसके पीछे कोई विशिष्ट कारण नहीं है। पंजाब से राज्यसभा सदस्य मित्तल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अफवाहों की कोई जानकारी नहीं है कि सदन में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद चड्ढा भाजपा में शामिल हो सकते हैं। AAP सांसद संजय सिंह ने राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने पर कहा, "उस संबंध में पार्टी के निर्णय से राज्यसभा सचिवालय को अवगत करा दिया गया है।
राज्यसभा में उपनेता पद से राघव चड्ढा को हटाए जाने पर अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी से अलग हैं। लोगों को यह बात बहुत पहले ही समझ आ गई थी, जब केजरीवाल की गिरफ्तारी के समय वह लंदन चले गए थे। अब आम धारणा यह है कि चड्ढा या तो पार्टी छोड़ देंगे या उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाएगा और वे कहीं और शामिल हो जाएंगे।
पहले उन्हें बड़े बंगले और सुरक्षा जैसी सुविधाएं दी जाती थीं, लेकिन पार्टी ने एक साल के भीतर ही अपना रुख बदल लिया है। भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने AAP सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने पर कहा, "राघव चड्ढा मेरे साथ दिल्ली विधानसभा में रहे हैं, वे अच्छे वक्ता हैं। यदि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व ने उनके बोलने पर रोक लगाई है तो यह पूरी तरह तानाशाही है।
मैं अरविंद केजरीवाल से पूछता हूं कि उनकी पार्टी में लोकतंत्र कहां बचा है? यदि ऐसा कोई निर्णय AAP नेतृत्व द्वारा किया गया है तो मैं उसकी निंदा करता हूं, यह उनका अंदरूनी मामला है लेकिन अपनी पार्टी के वरिष्ठ सांसद के बोलने पर आप रोक लगा दें, ऐसा किसी और पार्टी के नेतृत्व ने कभी नहीं किया।