अमेठीः उत्तर प्रदेश के अमेठी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया। राहुल गांधी ने कहा कि जो संविधान पर आक्रमण करता है, जो संविधान नष्ट करता है उसे आप क्या कहेंगे? गद्दार कहेंगे। इसलिए मैंने खुलकर कहा है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने देश का धन अडानी-अंबानी को बांटा, देश की संस्थाओं को खत्म किया, वोट चोरी कराई। RSS के लोग सुन लें, आपने कहा कि मुझे माफी मांगनी चाहिए, मैं कभी माफी नहीं मागूंगा। मैं फिर कहूंगा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं।
क्योंकि उन्होंने संविधान पर आक्रमण किया। आर्थिक तूफ़ान सर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएँ, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, PM हंसकर रील बना रहे हैं और BJP वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है। एक भयंकर आर्थिक तूफ़ान सर पर है। 12 साल में मोदी जी ने जो ढाँचा खड़ा किया - वह सिर्फ़ अडानी और अंबानी के लिए था।
और, अब वही ढाँचा भरभराकर ढहने वाला है। चोट उन्हें नहीं लगेगी - उनके पास निकलने के रास्ते हैं। चोट आपको लगेगी - युवाओं को, ग़रीबों को, मध्यमवर्ग को, किसानों को, मज़दूरों को, छोटे व्यापारियों को - जो कभी इस ढाँचे का हिस्सा थे ही नहीं। अपने आसपास देखिए। क्या आप उस ढाँचे का हिस्सा हैं - या उस तूफ़ान का शिकार?
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जिस प्रकार की भाषा राहुल गांधी ने OBC समाज, गरीब समाज से आने वाले प्रधानमंत्री के लिए की है, उन्हें गद्दार कहा वह दिखाता है कि उनके संस्कार कैसे हैं। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कई गालियां दी हैं... क्योंकि प्रधानमंत्री OBC, गरीब समाज से आते हैं इसलिए उन्हें बार-बार गाली देने का काम ये लोग करते हैं। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। जहाँ तक गद्दारी की बात है तो राहुल गांधी अपने परिवार का इतिहास देख लें, हर क्षण गद्दारी करने का काम किसने किया है?"