कोल्लमः केरलम चुनाव पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मेरा फोकस केरलम राज्य चुनाव पर है। असम, बंगाल, तमिलनाडु में मेरे साथी सभी कैंपेन कर रहे हैं। केरलम में लोग बदलाव चाहते हैं। भाजपा राज्य में कोई अप्रासंगिक कारक नहीं है। असली लड़ाई UDF और LDF के बीच है, इसलिए BJP को वोट देना बेकार वोट है, यूडीएफ को वोट दें।
आगामी 5 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनावों पर योग गुरु रामदेव ने कहा कि जनता को बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए बाहर आना चाहिए और उन लोगों को वोट देना चाहिए जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है। आपको बता दें कि देश में 4 राज्य और एक केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव हो रहा है और 4 मई को मतगणना कराई जाएगी।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर कहा कि कांग्रेस भारत में अपनी सरकार नहीं बना सकती, वे पाकिस्तान में सरकार बना सकते हैं। मैं उनसे ये कहना चाहता हूं कि आप मुख्यमंत्री हैं और बोलने के पहले ध्यान दीजिए क्योंकि नहीं तो आपको आपकी भाषा में जवाब दिया जाएगा।
महिला विधायक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर आईयूएमएल नेता निलंबित
अलप्पुझा जिले के कायमकुलम में चुनाव प्रचार के दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की मौजूदा विधायक यू प्रतिभा के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता ए इरशाद को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। आईयूएमएल के नेताओं ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आईयूएमएल के स्थानीय नेता और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की कायमकुलम इकाई के संयोजक इरशाद ने एक चुनावी कार्यक्रम में प्रतिभा के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि प्रतिभा तीसरी बार इस सीट से जीत हासिल करने के लिए अपनी वाकपटुता और सुंदरता का ‘इस्तेमाल’ कर रही हैं।
आइजोल नगर निगम चुनाव के लिए 68 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
आगामी आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव के लिए चार प्रमुख राजनीतिक दलों के कुल 68 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं जिनमें 28 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आइजोल में 19 सदस्यीय नगर निगम के लिए मतदान 21 अप्रैल को होगा और मतगणना 27 अप्रैल को होगी।