कांग्रेस की नदी अधिकार पदयात्रा का दुमदुमा घाट पर ग्रामीणों ने किया विरोध

By भाषा | Published: March 3, 2021 10:33 PM2021-03-03T22:33:31+5:302021-03-03T22:33:31+5:30

Villagers protest congress's river rights march on Dumduma Ghat | कांग्रेस की नदी अधिकार पदयात्रा का दुमदुमा घाट पर ग्रामीणों ने किया विरोध

कांग्रेस की नदी अधिकार पदयात्रा का दुमदुमा घाट पर ग्रामीणों ने किया विरोध

प्रयागराज, तीन मार्च निषाद समाज के लोगों के लिए कांग्रेस की नदी अधिकार पदयात्रा का बुधवार को हंडिया ब्लॉक के सैदाबाद में दुमदुमा घाट पर लगी चौपाल में कथित तौर पर निषाद समाज के लोगों ने विरोध किया।

इस विरोध में निषाद समाज के लोगों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाली एक पार्टी के कार्यकर्ता सबसे आगे रहे। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी थे।

स्थानीय लोगों द्वारा इस घटना का वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर डाला गया है जिसमें चौपाल में लोगों को पार्टी नेताओं से कहासुनी करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि इस पर प्रतिक्रया के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू से संपर्क स्थापित नहीं हो सका।

कांग्रेस पार्टी के एक स्थानीय नेता ने बताया कि निषाद समाज का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाली एक पार्टी के कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने चौपाल में विरोध किया।

उल्लेखनीय है कि 21 फरवरी को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रयागराज के बंसवार गांव का दौरा किया था और कथित पुलिस उत्पीड़न के शिकार निषाद समाज के लोगों के साथ चौपाल लगाई थी और उनकी टूटी नांवें देखने के लिए डेढ़ किलोमीटर पदयात्रा की थी।

इसके बाद प्रियंका गांधी के निर्देश पर पार्टी ने 1 मार्च से 20 मार्च के बीच प्रयागराज के बसवार गांव से बलिया के मांझी घाट तक नदी अधिकार पदयात्रा निकालने की घोषणा की।

चार फरवरी, 2021 को जिला प्रशासन और पुलिस ने बालू के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निषाद समाज के लोगों को कथित तौर पर पीटा था और उनकी नावें तोड़ दी थीं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Villagers protest congress's river rights march on Dumduma Ghat

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे