UP Elections 2022: 'मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच है', सपा में जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा
By विशाल कुमार | Updated: January 10, 2022 13:23 IST2022-01-10T08:54:02+5:302022-01-10T13:23:39+5:30
सपा में जाने के सवाल के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने सोमवार को अपने समर्थकों की एक वर्चुअल बैठक बुलाई है और उनके साथ चर्चा के बाद ही इस संबंध में आगे कैसे बढ़ना है, यह तय किया जाएगा।

UP Elections 2022: 'मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच है', सपा में जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा
लखनऊ: सपा में जाने की अटकलों के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के सबसे बड़े नेताओं में से एक इमरान मसूद ने कहा है कि राज्य में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीत में है। मसूद के काफी समय से सपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं और ऐसा माना जा रहा है कि आज वह इस पर कोई फैसला ले सकते हैं।
सपा में जाने के सवाल के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने सोमवार को अपने समर्थकों की एक वर्चुअल बैठक बुलाई है और उनके साथ चर्चा के बाद ही इस संबंध में आगे कैसे बढ़ना है, यह तय किया जाएगा।
मसूद ने 2007 का विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़कर जीता था और 2012 का विधानसभा चुनावकांग्रेस के टिकट पर लड़ा जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2013 में वह सपा में शामिल हो गए।
2014 में एक बार फिर वह कांग्रेस में शामिल हो गए और 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव सहारनपुर से लड़ा था. हालांकि, वह दोनों बार चुनाव हार गए. इलाके में मसूद के पास अच्छी-खासी संख्या में समर्थक हैं क्योंकि वहां 42 फीसदी मुस्लिम आबादी रहती है।
2014 में मसूद को तब गिरफ्तार कर लिया गया था जब एक चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने कथित तौर पर 'नरेंद्र मोदी को बोटी-बोटी काटने' का विवादित बयान दिया था।
इमरान मसूद सहारनपुर से पांच बार के कांग्रेस लोकसभा सांसद राशिद मसूद के भतीजे हैं, जिनकी 2020 में मृत्यु हो गई थी। राशिद मसूद को कांग्रेस ने चार बार राज्यसभा के लिए भी मनोनीत किया था।