केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश-तेजस्वी पर लगाया बिहार को बर्बाद करने का आरोप
By एस पी सिन्हा | Updated: February 11, 2023 17:35 IST2023-02-11T17:35:02+5:302023-02-11T17:35:02+5:30
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, बिहार में फिर से जंगलराज की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। अपराधी बेलगाम हो गये हैं। यूं कहे कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश-तेजस्वी पर लगाया बिहार को बर्बाद करने का आरोप
पटना: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार के कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता अपने ही फायदे की बात करते हैं। कोई लूटने में लगा है तो कोई सत्ता के नशे में अनाप-शनाप बोलने में। नीतीश कुमार लोगों को गुमराह कर रहे हैं। अपनी समझ को तेजस्वी के हवाले कर नीतीश समाधान यात्रा पर निकले हैं।
वहीं तेजस्वी ने भी अपनी समझ नीतीश के हवाले कर दिया है। दोनों अपने ही फायदे में लगे हुए हैं। नीतीश-तेजस्वी के गठबंधन ने बिहार को बर्बाद और बदनाम करके रख दिया है। नित्यानंद राय ने कहा कि लोगों ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि फिर से जंगलराज आ जाएगा और कानून व्यवस्था इतनी बिगड़ जाएगी।
सारण हिंसा पर उन्होंने कहा कि राजद से जुड़े मुखिया ने तीन नौजवानों को इस कदर पीटा कि दो की मौत हो गई और एक आज भी जिन्दगी और मौत के बीच जूझ रहा है। राजधानी पटना में भी आपराधिक वारदात चरम पर है। बिहार से लोग पलायन कर रहे हैं। एक भी बड़े उद्योगपति यहां आना नहीं चाहता। बिहार में फिर से जंगलराज की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। अपराधी बेलगाम हो गये हैं। यूं कहे कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए वे बेखौफ होकर अपराध की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, बिहार का यह हाल हो जाएगा ये कभी लोगों ने सोचा भी नहीं था। जब से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है, 1200 हत्याएं हो चुकी हैं। 400 से ज्यादा हत्या के प्रयास किए गए, 200 से ज्यादा मां बहनों के साथ निर्मम बलात्कार किया गया। विधि-व्यवस्था को अपराधियों ने अपने हाथ में ले लिया है। सरकार के द्वारा अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और बिहार में लोग भयभीत और त्राहिमाम कर हैं।