पटना: भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों एक बेहद ही चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन और शादी कराने का काम बड़े पैमाने पर किया जा रहा है. इसी कड़ी में रक्सौल और आदापुर क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक पर अपनी पहचान छिपाकर हिंदू युवती से शादी करने और बाद में उसे छोड़ देने का आरोप लगा है. इसमें संगीता पासवान नाम की युवती को कथित रूप से हसरे आलम नाम के युवक ने अपने जाल में फंसाया. शुरुआत में युवक ने खुद को राज बताकर हिंदू पहचान का ढोंग रचा और सोशल मीडिया पर धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया.
आरोप है कि बाद में नेपाल के वीरगंज में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी भी रचाई गई. युवक ने माथे पर तिलक लगाकर खुद को राम भक्त बताया और पूरी तरह से एक अलग पहचान गढ़ दी. लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल उलट निकली बताया जा रहा है कि वह पहले से शादीशुदा था और अपनी असली पहचान छिपाकर पूरी कहानी को झूठ के सहारे खड़ा किया गया. जब पीड़िता को सच्चाई का पता चला तो विरोध करने पर कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया.
अपमान और धोखे की इस आग में झुलसी लड़की अंततः रेलवे स्टेशन पर भटकती मिली, जहां एक सामाजिक संस्था ने उसे सहारा दिया और उसकी आपबीती सुनी. फिलहाल लड़की स्वच्छ संस्था की देखरेख में है. वहीं, पुलिस और संबंधित एजेंसियों से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है.