हादसा: करनाल में 50 फुट गहरे बोरवेल में गिरी पांच वर्षीय बच्ची की मौत
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 4, 2019 11:16 IST2019-11-04T11:15:56+5:302019-11-04T11:16:19+5:30
बच्ची को यह एहसास कराने के लिए कि वह अकेली नहीं है, उसके माता-पिता की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी बोरवेल में चलाई गई। हालांकि बच्ची को बचाया नहीं जा सका।

हादसा: करनाल में 50 फुट गहरे बोरवेल में गिरी पांच वर्षीय बच्ची की मौत
हरियाणा के करनाल जिले के हरसिंघपुरा गांव में पांच वर्षीय एक बच्ची की मौत 50 फुट गहरे बोरवेल में गिरने से हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घरौंदा इलाके में रविवार को खेत में खेलते समय वह बोरवेल में गिर गई। यह बोरवेल उसके परिवार का ही है।
उन्होंने बताया कि जैसे ही उसके परिवार को बच्ची के लापता होने का पता चला उन्होंने उसे ढूंढना शुरू कर दिया गया था। लेकिन बाद में पता चला कि वह बोरवेल में गिर गई है। अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई और बचाव अभियान शुरू किया गया। बाद में एनडीआरएफ को भी घटना की जानकारी दी गई।
#UPDATE Haryana: The 5-year-old girl who had fallen into a 50-feet deep borewell in Hari Singh Pura village of Karnal, has died. https://t.co/KWEgAHAVad
— ANI (@ANI) November 4, 2019
बच्ची का पता लगाने के लिए बचावकर्मियों ने कैमरे का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें उसका पैर दिखा है। बच्ची को यह एहसास कराने के लिए कि वह अकेली नहीं है, उसके माता-पिता की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी बोरवेल में चलाई गई। हालांकि बच्ची को बचाया नहीं जा सका।
गौरतलब है कि बोरवेल की घटनाएं अब बढ़ती जा रही हैं। पंजाब के संगरूर जिले में जुलाई में 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे दो वर्षीय फतेहवीर सिंह की जान चली गई थी। इससे पहले उसे बचाने के लिए करीब चार दिन तक मशक्कत की गई थी। वहीं हरियाणा के हिसार में मार्च में बोरवेल में गिरे 18 महीने के बच्चे को बचा लिया गया था, वह करीब दो दिन तक बोरवेल में फंसा रहा था।
बच्चों के बोरवले में गिरने की सबसे पहली और चर्चित घटना 2006 में हुई थी, जब कुरुक्षेत्र गांव में बोरवले में गिरे पांच वर्षीय प्रिंस को करीब 48 घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचा लिया गया था।