देश भर के कई राज्यों में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लोगों के प्रदर्शन का कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने समर्थन किया है। सोनिया गांधी ने लोगों के पास गलत फैसलों के खिलाफ विरोध और अपनी चिंता जताने का अधिकार है और कांग्रेस विरोध कर रहे लोगों के साथ है। सोनिया गांधी ने शुक्रवार शाम एक वीडियो संदेश जारी करते हुए इस विधेयक को भेदभाव से भरा हुआ बताया।
सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार बलपूर्वक असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने जनता की आवाज की घोर अनदेखी की है और असहमति को दबाने के लिए निर्दयता से बल प्रयोग किया है। यह लोकतंत्र में बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।
सोनिया ने कहा, 'देश भर में छात्रों, युवाओं और नागरिकों के खिलाफ भाजपा सरकार के क्रूर दमन पर अपनी गहरी चिंता प्रकट करती हूं। बीजेपी सरकार ने पूरी तरह से लोगों के विचार को नजरअंदाज किया है। नोटबंदी की तरह एक बार फिर एक-एक व्यक्ति को अपनी एवं अपने पूर्वजों की नागरिकता साबित करने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ेगा।'