Snowfall in Kashmir and Shimla: कश्मीर घाटी के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग और कुछ अन्य क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को बर्फबारी हुई, वहीं श्रीनगर और अन्य मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में बृहस्पतिवार देर शाम से बर्फबारी शुरू हो गई। जम्मू-कश्मीर में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के परिणामस्वरूप यह बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में कुछ इंच ताजा बर्फ जमा हो गई है, लेकिन आखिरी रिपोर्ट आने तक मध्यम बर्फबारी जारी थी।
अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा, बारामूला और शोपियां के अन्य क्षेत्रों विशेषकर ऊंचे इलाकों में भी हिमपात हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी इलाकों के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई, जो अंतिम रिपोर्ट तक जारी रही।
अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए हैं, वहीं एहतियात के तौर पर इन क्षेत्रों में बिजली काट दी गई है। मौसम विभाग ने कहा था कि घाटी के मैदानी इलाकों समेत व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी
शिमला में करीब तीन महीने बाद शुक्रवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है, जिनमें राज्य का एक अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली भी शामिल है। स्थानीय मौसम केंद्र ने भारी बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। शिमला प्रशासन ने एक परामर्श जारी कर लोगों से मौसम साफ होने तक वाहन नहीं चलाने को कहा है। प्रशासन ने कहा कि चौपाल समेत जिले के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण चौपाल-देहा सड़क अवरुद्ध हो गई है।