शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस छोड़कर फिर थामेंगे भाजपा का दामन? पीएम मोदी को लेकर किया ट्वीट, शुरू हुई सियासी अटकलें
By एस पी सिन्हा | Updated: June 28, 2021 17:33 IST2021-06-28T17:22:04+5:302021-06-28T17:33:32+5:30
कांग्रेस नेता और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का प्रेम एकबार फिर भाजपा के लिए उजागर होता दिख रहा है। भाजपा से सांसद रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपना प्रेम दिखा रहे हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा। (फाइल फोटो)
पटनाः कांग्रेस नेता और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का प्रेम एकबार फिर भाजपा के लिए उजागर होता दिख रहा है। भाजपा से सांसद रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपना प्रेम दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी को लेकर शॉटगन ने जो ट्वीट किया है, उसकी चर्चा बिहार के राजनीतिक गलियारे में खूब हो रही है। ऐसे में सियासी जानकार इस बात के कयास लगा रहे हैं कि बिहारी बाबू एक बार फिर हाथ का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर ऐसा ट्वीट किया है, जिसकी भाषा उनकी पार्टी के लाइन के विपरीत है। इस ट्वीट ने भाजपाइयों को खुश कर दिया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर रविवार को लिखा, दुनिया में चार तरह के दुखी लोग होते हैं। पहला वे हैं जो अपने दुखों से दुखी होते हैं। दूसरे वे हैं जो दूसरों के दुख से दुखी होते हैं। तीसरे वे हैं जो दूसरों के सुख से दुखी होते हैं। इसके बाद वे लिखते हैं कि दुखी लोगों का नया वेरियंट वे हैं, जो बिना बात मोदी से दुखी रहते हैं।
दुनिया में चार तरह के दुःखी लोग होते हैं..
— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) June 27, 2021
१. अपने दु:खों से दु:खी,
२. दूसरों के दु:ख से दु:खी,
३. दूसरों के सुख से दु:खी,
और
*New Variant*
४. बिना बात खामखां मोदी से दु:खी!
😁😁😂😂
उनके इस ट्वीट ने न सिर्फ बिहार की राजनीति में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चाओं को हवा दे दी है। पूर्व लोकसभा सांसद के ट्वीट की आखिरी लाइन को मोदी प्रेम से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स पूछ रहे हैं कि क्या वे दोबारा भाजपा ज्वाइन करने वाले हैं?
दो बार रह चुके हैं सांसद
यहां बता दें कि पटना साहिब से दो बार सांसद रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा ने 2019 में लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा को छोडकर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में उन्हें जगह नहीं मिली थी। इसके बाद से वह प्रधानमंत्री मोदी की खुलेआम आलोचना करते रहते थे।
पटना साहिब से थे कांग्रेस प्रत्याशी
भाजपा से नाता तोड़ने के बाद कांग्रेस ने उनको पटना साहिब से प्रत्याशी भी बनाया था, लेकिन तब वह भाजपा के उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद से हार गए थे। उल्लेखनीय है कि शत्रुघ्न सिन्हा काफी लंबे समय से भाजपा से जुडे़ हुए थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी के साथ लालकृष्ण आडवाणी के खास नजदीक भी रहे। अब उनके मोदी प्रेम को देखकर फिर से भाजपा में वापसी की अटकलें लगाईं जा रही हैं।