Punjab Election 2022: अमरिंदर सिंह को हटाए जाने के बाद 42 विधायक सीएम बनाना चाहते थे, पंजाब कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ का दावा

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 2, 2022 05:13 PM2022-02-02T17:13:49+5:302022-02-02T17:15:14+5:30

Punjab Election 2022: सुनील जाखड़ को 42 वोट, सुखजिंदर रंधावा को 16, महारानी परनीत कौर (अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला की सांसद) को 12 वोट, नवजोत सिंह सिद्धू को छह वोट और चरणजीत सिंह चन्नी को दो वोट मिले थे।

Punjab Election 2022 congress Amarinder Singh removal 42 MLAs wanted become CM claims Punjab Congress leader Sunil Jakhar | Punjab Election 2022: अमरिंदर सिंह को हटाए जाने के बाद 42 विधायक सीएम बनाना चाहते थे, पंजाब कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ का दावा

जाखड़ ने कहा कि पार्टी ने उन विधायकों से जानना चाहा था कि वे अमरिंदर सिंह के जाने के बाद किसे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।

Highlightsअबोहर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।सुनील जाखड़ भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। राहुल गांधी ने उपमुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की थी।

Punjab Election 2022: कांग्रेस की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने दावा किया है कि पिछले साल अमरिंदर सिंह को हटाये जाने के बाद 42 विधायक उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। जाखड़ ने अबोहर में मंगलवार को एक सभा को संबोधित किया था और इस सभा की ऑनलाइन सामने आई एक वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है।

जाखड़ के भतीजे संदीप जाखड़ पंजाब विधानसभा चुनाव में अबोहर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। सुनील जाखड़ भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। पार्टी ने चरणजीत सिंह चन्नी को तरजीह दी, जो अनुसूचित जाति समुदाय से पंजाब के पहले मुख्यमंत्री बने।

जाखड़ ने कहा, ‘‘सुनील (जाखड़) को 42 वोट, सुखजिंदर रंधावा को 16, महारानी परनीत कौर (अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला की सांसद) को 12 वोट, नवजोत सिंह सिद्धू को छह वोट और (चरणजीत सिंह) चन्नी को दो वोट मिले थे।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था।

जाखड़ ने कहा कि पार्टी ने उन विधायकों से जानना चाहा था कि वे अमरिंदर सिंह के जाने के बाद किसे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘79 विधायकों को यह जानने के लिए बुलाया गया था कि वे किसे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। सुनील विधायक भी नहीं थे।’’

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता संघर्ष के बीच कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए कहा था। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी के उस बयान के बाद जाखड़ के मुख्यमंत्री बनने की संभावना कम हो गई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी को सिख चेहरे के साथ जाना चाहिए। पिछले साल अमरिंदर सिंह की जगह लेने वाले चरणजीत सिंह चन्नी अनुसूचित जाति समुदाय से पंजाब के पहले मुख्यमंत्री हैं। 

Web Title: Punjab Election 2022 congress Amarinder Singh removal 42 MLAs wanted become CM claims Punjab Congress leader Sunil Jakhar

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे