द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन बनेगा भारत का 15वां राष्ट्रपति? वोटों की गिनती से आज मिलेगा जवाब

By विनीत कुमार | Published: July 21, 2022 07:24 AM2022-07-21T07:24:03+5:302022-07-21T07:24:03+5:30

राष्ट्रपति चुनाव के बाद आज वोटों की गिनती होनी है। वोटों की गिनती दिन में 11 बजे से संसद भवन में शुरू होगी। शाम तक नतीजे आने की संभावना है। नडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं।

President Election 2022 counting today, contest between Draupadi Murmu and Yashwant Sinha | द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन बनेगा भारत का 15वां राष्ट्रपति? वोटों की गिनती से आज मिलेगा जवाब

द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन बनेगा भारत का 15वां राष्ट्रपति? (फाइल फोटो)

नई दिल्ली: भारत का 15वां राष्ट्रपति कौन बनने जा रहा है, इसका जवाब आज मिल जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग 18 जुलाई को हुई थी और इसकी गिनती आज होगी। वोटों की गिनती दिन में 11 बजे से संसद भवन में शुरू होगी। सभी राज्यों से मतपत्र गिनती के लिए संसद भवन लाए जा चुके हैं। 

सत्तारूढ़ एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। बताया जा रहा है कि मुर्मू की जीत संभावना ज्यादा है। मुर्मू अगर जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी। देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। 

राष्ट्रपति चुनाव: शाम तक साफ हो जाएंगे नतीजे

चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में वोटों की गिनती करेंगे। इस कक्ष में  मतपत्र भी रखे हुए हैं जिसकी कड़ी सुरक्षा की जा रही है। चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पी.सी. मोदी गुरुवार को मतगणना की निगरानी करेंगे। शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। 

गिनती के दौरान सबसे सांसदों के सभी मतों की गिनती के बाद चुनावी रुझानों के बारे में जानकारी दी जाएगी। फिर 10 राज्यों के वोटों की गिनती के बाद फिर से जानकारी साझा की जाएगी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन समेत 31 स्थानों और विधानसभाओं के भीतर 30 केंद्रों पर सोमवार को मतदान हुआ था। 

मुर्मू के पक्ष में कई 'क्रॉस वोटिंग' की खबर

दरअसल, चुनाव के दिन कई राज्यों में मुर्मू के पक्ष में 'क्रॉस वोटिंग' की खबरें भी आई थीं। राष्ट्रपति चुनाव में सदस्यों को व्हिप जारी नहीं किया जाता। मनोनीत सांसदों को छोड़कर संसद के दोनों सदनों लोकसभा व राज्य सभा के सदस्य और सभी राज्यों की विधानसभा के सदस्य राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करते हैं। 

राष्ट्रपति चुनाव में 776 सांसदों और 4,033 निर्वाचित विधायकों समेत कुल 4,809 मतदाता मतदान के पात्र थे। इसमें मनोनीत सांसद व विधायक और विधान परिषद के सदस्य मतदान नहीं कर सकते। 

8 सांसदों ने नहीं किया था मतदान

चुनाव आयोग के अनुसार सोमवार को हुए मतदान के दौरान 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपना वोट डाला। भाजपा सांसद सनी देओल और संजय धोत्रे समेत आठ सांसद मतदान नहीं कर पाए। देओल मतदान के दौरान इलाज के लिए विदेश गए हुए हैं जबकि धोत्रे आईसीयू में भर्ती हैं। 

सोमवार को भाजपा और शिवसेना के दो-दो, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम के एक-एक विधायक ने मतदान नहीं किया। चुनाव आयोग के अनुसार छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, एमपी, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 100 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं, देश भर में 5 विधायक वोट नहीं कर सके।

बताते चलें कि रामनाथ कोविंद ने 2017 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में कुल 10,69,358 में से 7,02,044 वोट पाकर जीत हासिल की थी। उनकी प्रतिद्वंद्वी मीरा कुमार को 3,67,314 वोट मिले थे।

(भाषा इनपुट)

Web Title: President Election 2022 counting today, contest between Draupadi Murmu and Yashwant Sinha

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे