मध्य प्रदेश में दमोह विधानसभा सीट पर मतदान शुरू
By भाषा | Published: April 17, 2021 09:05 AM2021-04-17T09:05:51+5:302021-04-17T09:05:51+5:30
दमोह (मप्र), 17 अप्रैल मध्य प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव के तहत शनिवार को सुबह मतदान शुरू हो गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार दमोह विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रात: सात बजे शुरू हुआ और यह शाम सात बजे तक चलेगा।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देश का मतदान के दौरान पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस सीट पर कुल 2.39 लाख मतदाता हैं, जिनमें 1.24 लाख पुरुष, 1.15 लाख महिलाएं एवं आठ ‘थर्ड जेंडर’ मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 359 केन्द्र बनाये गये हैं।
इस सीट पर दो महिलाओं सहित कुल 22 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें से मुख्य मुकाबला भाजपा के राहुल सिंह लोधी एवं कांग्रेस के अजय टंडन के बीच माना जा रहा है।
लोधी वर्ष 2018 में हुए चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गये थे, लेकिन पिछले साल अक्टूबर में उन्होंने विधायक पद इस्तीफा दे दिया था और बाद में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे। इससे यह सीट खाली हो गई थी।
मतगणना दो मई को दमोह जिला मुख्यालय पर होगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।