नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में नव निर्वाचित भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। मुलाकात की कुछ झलकियाँ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालने पर नितिन नबीन को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। वे इस अहम पद पर पहुंचने वाले पार्टी के सबसे युवा नेता हैं। अपने अथक परिश्रम और समर्पण भाव से संगठन के दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए उन्होंने यहां तक का सफर तय किया है।
मुझे पूरा विश्वास है कि उनका ऊर्जावान नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगा। उनके नेतृत्व में भाजपा के सभी कार्यकर्ता नए जोश और उत्साह से राष्ट्रसेवा और जनसेवा के अपने संकल्प को पूरा करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
नितिन नबीन के नाम पर नहीं है कोई मकान, संपत्ति 3.08 करोड़ रुपये
भाजपा के 12वें एवं सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन अपनी सादगी और वित्तीय पारदर्शी छवि को लेकर भी चर्चा में हैं। भाजपा की कमान संभालने वाले 45 वर्षीय नितिन नबीन के पास लग्जरी गाड़ियां तो हैं, लेकिन चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके नाम पर अपना कोई निजी घर नहीं है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, साल 2025 में बिहार की बांकीपुर सीट से विजयी हुए नितिन नबीन की कुल संपत्ति लगभग 3.08 करोड़ रुपये है, जिसमें उनकी 1.60 करोड़ रुपये की चल संपत्ति (गाड़ियां, नकदी व बैंक जमा) और मुख्य रूप से पत्नी के नाम पर दर्ज 1.47 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति (प्लॉट) शामिल है।
जबकि उन पर करीब 56.6 लाख रुपये का कर्ज भी है। नितिन नबीन के हलफनामे के अनुसार संपत्ति के नाम पर उनकी पत्नी दीपमाला के पास झारखंड के धुर्की में 29 लाख रुपये का और पटना में 1.18 करोड़ रुपये का एक प्लॉट है। वाहनों के शौकीन नबीन के पास दो दमदार एसयूवी कारें हैं। जिसमें महिंद्रा स्कॉर्पियो (2025 मॉडल) और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा।
इन दोनों कारों की बाजार कीमत करीब 37.8 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा, दंपति के पास करीब 11.3 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं। चुनाव के समय दिए गए विवरण के अनुसार, नितिन नबीन के पास 35,000 रुपये और उनकी पत्नी के पास 25,000 रुपये की नकदी थी। उनकी सालाना आय में भी स्थिरता देखी गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में उनकी व्यक्तिगत आय 3.71 लाख रुपये रही। बैंक खातों और अन्य निवेशों में उनके परिवार के लगभग 98.68 लाख रुपये जमा हैं। रांची में जन्मे नितिन नबीन को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के दिग्गज नेता और कई बार विधायक रह चुके थे।
नितिन खुद बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं। नितिन नबीन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें एक सहज और जमीन से जुड़ा नेता माना जाता है। अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना उनकी सांगठनिक क्षमता और बेदाग छवि पर पार्टी के भरोसे को दर्शाता है।