प्रधानमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय सचिवों के साथ बैठक की
By भाषा | Published: July 11, 2021 05:57 PM2021-07-11T17:57:14+5:302021-07-11T17:57:14+5:30
नयी दिल्ली, 11 जुलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आधिकारिक आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिवों के साथ बैठक की और इस दौरान पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा भी मौजूद थे।
मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी के लगभग सभी राष्ट्रीय सचिव मौजूद थे। पार्टी के महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
इससे पहले दिन में नड्डा की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय सचिवों की बैठक हुई, जो करीब एक घंटा चली थी।
पिछले महीने भी प्रधानमंत्री ने भाजपा के महासचिवों और भगवा दल के विभिन्न प्रकोष्ठ के अध्यक्षों के साथ अपने आवास पर ऐसी ही बैठकें की थीं। ये बैठकें करीब पांच घंटे तक चली थीं और इस दौरान व्यापक राजनीतिक चर्चा हुई थी। बैठकों के दौरान मुख्य तौर पर हाल में संपन्न एवं आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हुई थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।