Jammu-Kashmir: पाकिस्तानी रेंजरों ने कल देर रात जम्मू के कानाचक सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर एक भारतीय रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट (आरपीए) पर गोलीबारी की। विमान कुछ घंटों के लिए नियमित उड़ान पर था जब उस पर गोलीबारी की गई। फिलहाल आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि होना बाकी है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय क्षेत्र के भीतर नियमित निगरानी उड़ान के दौरान रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट (आरपीए) को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी चौकियों से कुल पांच राउंड फायरिंग की गई - खीरी पोस्ट से चार राउंड और असलम पोस्ट से एक राउंड।
आरपीए नियंत्रण रेखा से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक अपनी उड़ान भर रहा था। आरपीए ने अपना मिशन पूरा किया और सुरक्षित उतर गया।
एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि घटना के समय भारतीय आरपीए अपने क्षेत्र में काम कर रही थी। गोलीबारी के बावजूद विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ।
हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इसे भारतीय सेना या भारतीय वायु सेना द्वारा संचालित किया जा रहा था, लेकिन यह उस बेस पर सुरक्षित रूप से उतर गया है जहां से इसने कल शाम उड़ान भरी थी।