ओडिशा: पुरी में 331 करोड़ रूपये की विरासत गलियारा परियोजना की आधारशिला रखी गई

By भाषा | Published: November 24, 2021 02:39 PM2021-11-24T14:39:40+5:302021-11-24T14:39:40+5:30

Odisha: Foundation stone of Rs 331 crore heritage corridor project laid in Puri | ओडिशा: पुरी में 331 करोड़ रूपये की विरासत गलियारा परियोजना की आधारशिला रखी गई

ओडिशा: पुरी में 331 करोड़ रूपये की विरासत गलियारा परियोजना की आधारशिला रखी गई

पुरी, 24 नवंबर ओडिशा के पुरी में ‘गजपति महाराज’ दिव्यसिंह देब ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की उपस्थिति में बुधवार को 331 करोड़ रूपये की विरासत गलियारा परियोजना की आधारशिला रखी।

‘श्रीमंदिर परिक्रमा’ परियोजना की आधारशिला भगवान जगन्नाथ मंदिर की चार दीवारी के निकट चल रहे तीन दिवसीय महायज्ञ के समापन के अवसर पर रखी गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र पुजारियों द्वारा श्लोकों के पाठ से गुंजायमान हो रहा था।

‘गजपति महाराज’ भगवान जगन्नाथ के प्रथम सेवक माने जाते हैं। उन्होंने महायज्ञ की रस्में निभाईं।

इस अवसर पर पटनायक ने कहा, ‘‘जय जगन्नाथ, आज पूरी दुनिया में जगन्नाथ के सभी अनुयायियों के लिए ऐतिहासिक दिन है। यह ओडिशा के लोगों के लिए भी पवित्र दिन है।’’

इस परियोजना के लिए मंदिर के निकट की अपनी पैतृक भूमि दान देने वाले दस लोगों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष एस एन पात्रो, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक, पुरी से सांसद पिनाकी मिश्रा और राज्य के कई मंत्री उपस्थित थे।

अधिकारियों ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी विरासत गलियारा परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रावधान करना एवं सुविधाएं देना है ताकि वे त्योहारों और रथ यात्रा जैसे विशेष अवसरों पर भगवान के सुगमता से दर्शन कर सकें।

परियोजना में, करीब छह हजार श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए एक रिसेप्शन हॉल, मंदिर के पास हरित गलियारा, अमानती घर (क्लॉकरूम), शौचालय आदि का निर्माण करवाया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं के लिए एटीएम काउंटर, स्वास्थ्य केंद्र और केंद्र भी बनाए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि टाटा समूह की एक कंपनी 331.26 करोड़ रूपये की परियोजना का काम 18 महीने के भीतर पूरा करेगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Odisha: Foundation stone of Rs 331 crore heritage corridor project laid in Puri

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे