महाराष्ट्र की माया नगरी कही जाने वाली मुंबई में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां डोंगरी के टांडेल गली में एक इमारत भरभराकर ढह गई। इमारत का नाम केसरबाई हैं। इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की सूचना है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम मौके पर मौजूद है। राहत और बचाव का जारी है। लेकिन बारिश होने के कारण बचाव के काम में थोड़ी मुश्किल हो रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार डोंगरी में टंडेल मार्ग पर स्थित भूतल के अतिरिक्त चार मंजिल वाली यह‘केशरबाई बिल्डिंग’ सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर गिर गयी।
17 Jul, 19 09:02 AM
अभी तक 14 लोगों की मौत
दक्षिण मुंबई के भीड़-भाड़ वाले डोंगरी इलाके में चार मंजिला रिहायशी इमारत गिरने से अभी तक 14 लोगों की मौत हुई है। यह जानकारी देते हुए एनडीआरएफ ने बुधवार को बताया कि राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है। राष्ट्रीय आपदा मोचल बल (एनडीआरएफ) बटालियन के पीआरओ सचिदानंद गावडे ने कहा, ‘‘अभी तक छह पुरूष, चार महिला और तीन बच्चे... को मृत घोषित किया गया है जबकि घायल हुए नौ लोगों का इलाज चल रहा है।’’ गावडे ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी रात चला और अभी भी जारी है।
16 Jul, 19 10:51 PM
मुंबई भवन मरम्मत और पुनर्निर्माण बोर्ड (महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण की एक इकाई) ने कहा है कि केसरभाई इमारत का जो हिस्सा ढह गया, वह अनधिकृत है।
16 Jul, 19 08:54 PM
गिरी हुई चार मंजिला इमारत अनाधिकृत थी
महाराष्ट्र आवासीय एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएचएडीए) ने मंगलवार शाम को दावा किया कि दक्षिणी मुंबई के डोंगरी क्षेत्र में जो चार मंजिला इमारत दिन में गिरी है, वह अनाधिकृत थी। ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है। बचाव कार्य अभी जारी है और बहुत से लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। एमएचएडीए ने एक बयान में दावा किया, ‘‘ एमएचएडीए की मरम्मत और पुनर्निर्माण बोर्ड ने यह स्पष्ट किया है कि उनके दायरे में आने वाली 25/सी केसरबाई इमारत नहीं गिरी है, आज सुबह गिरी इमारत दूसरी है।’’ एमएचएडीए के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वैशाली गडपाले ने कहा, ‘‘ वास्तव में एमएचएडीए की इमारत के पीछे बनी हुई अनाधिकृत इमारत गिरी है।’’ एमएचएडीए के सूत्रों ने बताया कि केसरबाई के रहने वाले लोगों (कुछ अधिकारियों ने इस जगह को केसरबाग नाम दिया था) ने इस इमारत को 2018 में खाली कर दिया था क्योंकि यह जीर्ण-शीर्ण हो गई थी। दरअसल एमएचएडीए कई पुरानी और जीर्ण-शीर्ण निजी इमारतों के रख-रखाव का काम करती है और इस तरह की इमारतों को सेस्ड यानी उपकर इमारत कहा जाता है क्योंकि यहां रहने वाले लोग एमएचएडीए को कर देते हैं।
16 Jul, 19 08:50 PM
मुंबई में इमारत ढहने की घटना में चार महिलाओं और एक बच्चे समेत मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हुई ।
16 Jul, 19 08:34 PM
डोंगरी में केसरभाई बिल्डिंग ढहने से अबतक 10 लोगों की मौत हो गई। घटना में 8 लोग घायल हुए हैं।
16 Jul, 19 08:10 PM
मुंबई में ढहने वाली बिल्डिंग के मलवे में दबने से अभी तक सात शव बाहर निकाले जा चुके हैं। वहीं, कई लोगों के दबने की आशंका है। इस दौरान रेस्क्यू लगातार जारी है।
16 Jul, 19 06:23 PM
हादसे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिल्डिंग का ढहना बेहद दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना। वहीं, बचाव अभियान जोरों पर है। राज्य सरकार, एनडीआरएफ और स्थानीय अधिकारी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं।
16 Jul, 19 05:35 PM
कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने मुंबई हादसे को लेकर कहा कि यह दुर्भाग्य से कुछ ऐसा है जो मुंबई में हर साल मॉनसून के दौरान होता है। आप देखेंगे कि दीवारें ढह गई हैं, सड़कों पर गड्ढे हैं जहां लोग मर जाते हैं, युवा लड़के मैनहोल में गिर जाते हैं। मुंबई वालों को पूछना चाहिए कि सरकार क्या कर रही है?
16 Jul, 19 05:12 PM
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुंबई में चार मंजिला रिहायशी इमारत के गिरने की घटना पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते कारगर कार्रवाई क्यों नहीं होती? प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मुंबई में चार मंजिला इमारत के मलबे में फंसे लोगों के सकुशल होने की कामना करती हूं। दुखी परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। राहत और बचाव कार्य में कांग्रेसजन यथासंभव सहयोग करें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हाल में घटी इस तरह की यह तीसरी घटना है। आखिर क्यों समय रहते इस पर कुछ कार्रवाई नहीं होती है ?’’
16 Jul, 19 04:55 PM
इमारत ढहने के बाद एनडीआरएफ की 3 टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
16 Jul, 19 04:51 PM
मुंबई में हुए हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुंबई के डोंगरी में इमारत का ढहना चिंताजनक है। उन लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना, जिन्होंने अपनी जान गंवाई। मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द ठीक हो जाएंगे। महाराष्ट्र सरकार, एनडीआरएफ और स्थानीय अधिकारी बचाव कार्यों पर काम कर रहे हैं और जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं।
16 Jul, 19 03:19 PM
महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा, 'इमारत ढहने की वजह से 12 लोगों की मौत हो गई है।' वहीं, आपको बता दें कि 40 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है। साथ ही साथ सात लोगों को बचाया गया है। एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थित खतरे के बाहर बताई जा रही है।
16 Jul, 19 03:17 PM
महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे का कहना है कि इमारत गिरने से 12 लोगों की दुर्भाग्य से मौत हो गई। यह संख्या बढ़ भी सकती है। इमारत ढहने से 40 से 45 लोग फंस गए हैं। मुंबई में कैसे रहें? यह प्रश्न उठ रहा है। मृतकों को श्रद्धांजलि!
16 Jul, 19 03:05 PM
महाराष्ट्र: मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय बर्वे और जोन 1 के डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे घटनास्थल पर पहुंचे। घटना में अब तक 2 लोगों की मौत हो गई है और 6 लोग घायल हो गए हैं।
16 Jul, 19 02:14 PM
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि गिरने वाली बिल्डिंग करीब सौ साल पुरानी थी। इस बिल्डिंग को ठीक करने के लिए कहा गया था। पूरे मामले की जांच की जाएगी। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि इसमें 15 परिवार रहते थे।
16 Jul, 19 01:56 PM
इमारत ढहने से एक बच्चा मलवे में दब गया था, जिसे मुंबई पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया है। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी तबीयत स्थिर है।
16 Jul, 19 01:47 PM
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने बताया है कि डोंगरी में इमारत ढहने के बाद बीएमसी ने इमामवाड़ा म्यूनिसिपल सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में एक आश्रय गृह खोला है।
16 Jul, 19 01:44 PM
इमारत में रहने वाले करीब 40-50 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। दमकल विभाग, मुंबई पुलिस और निकाय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
16 Jul, 19 01:44 PM
प्रारंभिक सूचना के अनुसार डोंगरी में टंडेल मार्ग पर स्थित भूतल के अतिरिक्त चार मंजिल वाली यह‘केशरबाई बिल्डिंग’ सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर गिर गयी।
16 Jul, 19 01:43 PM
इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि 40 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम मौके पर मौजूद है।