भारत में अब तक कोविड टीके की 39.49 करोड़ से अधिक खुराकें दी गयी : स्वास्थ्य मंत्रालय
By भाषा | Published: July 15, 2021 10:07 PM2021-07-15T22:07:44+5:302021-07-15T22:07:44+5:30
नयी दिल्ली, 15 जुलाई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि देश में अब तक कोविड-19 टीकों की 39.49 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
शाम सात बजे की एक अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार को टीकों की 35.15 लाख से अधिक खुराकें दी गयी। मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार को 18-44 साल के आयु वर्ग में 16,59,977 लोगों को टीकों की पहली खुराक दी गयी जबकि 1,61,950 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी।
टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से अब तक 18-44 साल के आयु वर्ग के कुल 11,97,36,449 लोगों को टीकों की पहली खुराक दी गयी है जबकि 43,72,202 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी है।
मंत्रालय ने बताया कि आठ राज्यों – उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र – ने 18-44 साल के आयु वर्ग में 50 लाख से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक दी है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18-44 साल के आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक लोगों को पहली खुराक दी गयी है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।