बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित, भाजपा सदस्यों ने नहीं चलने दी सदन की कार्यवाही
By एस पी सिन्हा | Updated: July 14, 2023 18:27 IST2023-07-14T18:26:38+5:302023-07-14T18:27:30+5:30
पटना में भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज और पार्टी नेता विजय सिंह की मौत के विरोध में भाजपा ने जमकर हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित, भाजपा सदस्यों ने नहीं चलने दी सदन की कार्यवाही
पटना: भाजपा विधायकों-विधान पार्षदों के हंगामे के कारण बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज अंतिम दिन भी हंगामे की भेंट चढ गया। जिसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने जबकि विधान परिषद में सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने इसकी घोषणा की। वैसे आज दोनों सदनों में भाजपा सदस्यों के द्वारा हंगाम किए जाने के कारण कार्यवाही सुचारू ढंग से नही चल सकी। पटना में भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज और पार्टी नेता विजय सिंह की मौत के विरोध में भाजपा ने जमकर हंगामा किया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विधायक संजय सिंह टेबल पर चढ़ गए। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने जोरदार हंगामा कर रहे भाजपा विधायकों को पहले अपनी जगह पर जाने को कहा। बावजूद इसके सदन में हंगामा होता देख विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शलों को आसन के समक्ष आकर हंगामा कर रहे विधायक संजय सिंह को बाहर करने का आदेश दिया। मार्शलों ने तुरंत संजय सिंह को उठाकर सदन से बाहर निकाल दिया।
विपक्ष के हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने महज 4 मिनट में सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। भोजनावकाश के बाद विपक्ष की अनुपस्थिति में विधायी कार्य निपटाने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित कर दी गई। भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की मौत पर पार्टी के नेताओं ने जमकर हंगामा किया। कुर्सियां उठा लीं। कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा नेता वेल में पहुंच कर नारेबाजी करने लगे।
उधर, बिहार विधान परिषद में भी विधान पार्षदों ने सदन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हो गए। सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई भाजपा सदस्यों ने पुलिसिया लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध दर्ज किया। ब्लैक डे मना रहे भाजपा सदस्य वेल में पहुंच गए और नीतीश सरकार हाय-हाय के नारे लगाने लगे।
हंगामे को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। जिसके बाद भाजपा के सदस्य सदन से वॉक आउट कर गए और आज की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। सत्ता पक्ष की तरफ से नीरज कुमार ने कहा कि गुरूवार को जो लाठीचार्ज हुआ इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। भाजपा के लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे। इसलिए लाठीचार्ज किया गया।
इधर, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा के विधायकों-विधान पार्षदों ने सदन के बाहर मौन प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों-विधान पार्षदों के मुंह पर काली पट्टी और हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां नजर आईं। पार्टी का दावा है कि कल प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज में उनके जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। जिसके विरोध में काला दिवस मनाया गया।
मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि ये बदले की कार्रवाई है। राजद विधायकों को हमने नहीं मुख्यमंत्री ने पिटवाया था। बता दें कि 22 मार्च 2021 को बजट सत्र के दौरान राजद विधायकों ने हंगामा किया था। उस वक्त विधायकों पर लाठीचार्ज किया गया था।