मायावती से लेकर येचुरी तक विपक्ष के सारे बड़े नेताओं ने कर्नाटक में भाजपा पर ‘खरीद-फरोख्त’ के आरोप लगाए

By भाषा | Published: July 25, 2019 12:27 AM2019-07-25T00:27:18+5:302019-07-25T00:27:18+5:30

माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने आरोप लगाया है कि भाजपा द्वारा ‘‘खरीद- फरोख्त’’ करने और ‘‘सत्ता का दुरुपयोग’’ करने के कारण कांग्रेस- जद (एस) की गठबंधन सरकार गिरी है।

Mayawati, Sitaram Yechury all opposition leader slams bjp over karnataka Political Crisis | मायावती से लेकर येचुरी तक विपक्ष के सारे बड़े नेताओं ने कर्नाटक में भाजपा पर ‘खरीद-फरोख्त’ के आरोप लगाए

मायावती से लेकर येचुरी तक विपक्ष के सारे बड़े नेताओं ने कर्नाटक में भाजपा पर ‘खरीद-फरोख्त’ के आरोप लगाए

Highlightsमहाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख बालासाहब थोराट ने कर्नाटक मुद्दे पर बुधवार को कहा कि ‘‘सत्ता के लिए भाजपा का लालच’’ बकासुर की तरह है। कर्नाटक में कांग्रेस - जद (एस) सरकार गिरने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि जो लोग गठबंधन को अपने रास्ते की बाधा मानते थे उनके लालच की जीत हुई जबकि लोकतंत्र और राज्य के लोगों की हार हुई है।

कर्नाटक में कांग्रेस - जद (एस) की सरकार गिरने के बाद कई राजनीतिक दलों ने बुधवार को भाजपा पर प्रहार किया और केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी पर आरोप लगाए कि वह ‘‘खरीद-फरोख्त’’ और ‘‘सत्ता के दुरुपयोग’’ में संलिप्त है। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने कहा कि लोकतंत्र के इतिहास में यह दिन ‘‘काला अध्याय’’ के तौर पर याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरीके से भाजपा ने सभी संवैधानिक मानकों को ताक पर रख दिया और कर्नाटक में सरकार गिराने के लिए धन और सत्ता का इस्तेमाल किया उसे लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय के तौर पर याद किया जाएगा।’’

मायावती ने ट्वीट किया, ‘‘इस तरह के कृत्य की जितनी निंदा की जाए वह कम है।’’ मायावती ने कर्नाटक में अपने एकमात्र विधायक को पार्टी से निकाल दिया। विधानसभा में मंगलवार को विश्वास मत के दौरान एच डी कुमारस्वामी सरकार के समर्थन में वोट देने के पार्टी के निर्णय का ‘‘उल्लंघन’’ करने के लिए उन्हें पार्टी से निकाला गया है। माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने आरोप लगाया है कि भाजपा द्वारा ‘‘खरीद- फरोख्त’’ करने और ‘‘सत्ता का दुरुपयोग’’ करने के कारण कांग्रेस- जद (एस) की गठबंधन सरकार गिरी है।

येचुरी ने ट्वीट किया, ‘‘गठबंधन में जो भी तनाव रहे हों, कर्नाटक में खरीद - फरोख्त और सत्ता के दुरुपयोग को सबने देखा। शुरू से जब भाजपा ने इस सरकार को बनने से रोकने का प्रयास किया और अब तक यह पूरी तरह राजनीतिक अनैतिकता और धन शक्ति का प्रदर्शन रहा।’’ कर्नाटक में कांग्रेस - जद (एस) सरकार गिरने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि जो लोग गठबंधन को अपने रास्ते की बाधा मानते थे उनके लालच की जीत हुई जबकि लोकतंत्र और राज्य के लोगों की हार हुई है।

गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘कर्नाटक में पहले दिन से ही कांग्रेस- जद (एस) गठबंधन निहित स्वार्थियों के निशाने पर था जो गठबंधन को अपने रास्ते और सत्ता के लिए बाधा मानते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र, ईमानदारी और कर्नाटक के लोगों की हार हुई है।’’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक दिन भाजपा को पता चलेगा कि हर चीज नहीं खरीदी जा सकती है, हर किसी को नहीं डराया जा सकता है और हर झूठ का खुलासा होना है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख बालासाहब थोराट ने कर्नाटक मुद्दे पर बुधवार को कहा कि ‘‘सत्ता के लिए भाजपा का लालच’’ बकासुर की तरह है। बकासुर महाभारत में एक राक्षस था। 

Web Title: Mayawati, Sitaram Yechury all opposition leader slams bjp over karnataka Political Crisis

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे