मुंबई-दिल्ली विमान में बैठे यात्री के 'प्लेन हाईजैक' शब्द को कहने पर कार्रवाई, शख्स गिरफ्तार
By अंजली चौहान | Published: June 23, 2023 02:39 PM2023-06-23T14:39:11+5:302023-06-23T15:11:15+5:30
विस्तारा के विमान में एक यात्री ने प्लेन हाईजैक शब्द को कहा जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुंबई: विस्तारा एयरलाइन्स विमान में एक अजीबो-गरीब वाकया देखने को मिला, जहां एक शख्स को 'प्लेन हाईजैक' कहना महंगा पड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार की है जब मुंबई-दिल्ली विमान में बैठे एक यात्री ने उड़ान के दौरान प्लेन हाईजैक कहकर सभी को डरा दिया। इसके कारण पूरे विमान में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विमान से यात्री को उतार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गौरतलब है कि इस घटना के कारण विस्तारा की मुंबई-दिल्ली जाने वाली प्लाइट करीब चार घंटे देरी से चली। पुरुष यात्री के हाईजैक चिल्लाने पर विमान को खाली कराकर उसकी तालाशी ली गई और उसके बाद ही अगली उड़ान भरी गई।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए, विस्तारा के प्रवक्ता ने एसओपी का हवाला दिया और कहा कि अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया था और यात्री जिसकी पहचान रितेश संजयकुमार जुनेजा के रूप में हुई, को उन्हें सौंप दिया गया था। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से जांच की गई और मंजूरी के बाद बाकी यात्री के साथ उड़ान भरी गई।
पुलिस ने कहा कि जुनेजा को विमान के चालक दल की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया, जो शाम 6.30 बजे मुंबई से उड़ान भरने वाला था। फ्लाइट रात 10.30 बजे ही रवाना हो गई। पुलिस के अनुसार, जुनेजा ने मानसिक रूप से बीमार होने का दावा किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि जब विमान प्रस्थान की तैयारी कर रहा था तो यात्री ने 'हाईजैक' चिल्लाया। इससे संदेह हुआ और विमान और यात्री की विस्तृत जांच के लिए सभी यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, "हम पुष्टि करते हैं कि मुंबई से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली विस्तारा की फ्लाइट यूके 996 पर एक अनियंत्रित यात्री के संबंध में एक घटना हुई थी।"