मुंबई के स्लम धारावी में कोरोना वायरस के दो और मरीज मिले, महाराष्ट्र में केसों की संख्या 500 पार
By निखिल वर्मा | Published: April 4, 2020 06:45 PM2020-04-04T18:45:39+5:302020-04-04T18:51:57+5:30
मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस का पहला मरीज 1 अप्रैल को मिला था, अब तक धारावी स्लम में 5 लोग कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं.
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में आज फिर कोरोना वायरस के दो मामले मिले हैं। इन्हें मिलाकर कुल 5 मरीज हो गए हैं। इससे पहले कोरोना वायरस के संक्रमण से धारावी में एक व्यक्ति की मौत भी चुकी है।
धारावी की झोपड़पट्टी 613 एकड़ क्षेत्र में फैली है और इसमें कई लघु श्रेणी के उद्योग, चमड़े का सामान, मिट्टी के बर्तन और कपड़ा फैक्ट्रियां हैं। यहां पर 15 लाख लोग छोटे-छोटे मकानों में रहते हैं और यह शहर का सबसे घना बसा क्षेत्र है।
Maharashtra: 2 more #COVID19 positive cases (one male & one female) reported in Dharavi, Mumbai today, taking total number of positive coronavirus cases in the area to 5. pic.twitter.com/LHhwEeZprT
— ANI (@ANI) April 4, 2020
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। राज्य में शनिवार (4 अप्रैल) को 47 नए मामलों के आने साथ ही केसों की संख्या बढ़कर 537 पहुंच गई है। राज्य में कोविड-19 से संक्रमित 26 लोगों ने दम तोड़ दिया है। मुंबई में आज 28, ठाणे में दो, अमरावती में 15, पुणे में 1, पिंपली चिंचवाड़ में एक मामला सामने आया है।
मुंबई में मरीजों की संख्या 300 पार
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोविड-19 से पीड़ितों की संख्या 300 पार चली गई है। मुंबई में 306, पुणे में 73, ठाणे में 70, सांगली में 25, अहमदनगर में 20, नागपुर में 16, बुलढाणा में 5, यवतमाल में 4, सतारा और औरंगाबाद में तीन-तीन, कोल्हापुर और रत्नागिरी में दो-दो, सिंधुदुर्ग, गोंदिया, नासिक, उस्मानाबाद, वासिम, जलगांव और अमरावती में एक-एक लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।