लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड के नये राज्यपाल के रूप में शपथ ली

By भाषा | Published: September 15, 2021 04:05 PM2021-09-15T16:05:42+5:302021-09-15T16:05:42+5:30

Lt Gen Gurmeet Singh sworn in as the new Governor of Uttarakhand | लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड के नये राज्यपाल के रूप में शपथ ली

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड के नये राज्यपाल के रूप में शपथ ली

देहरादून, 15 सितंबर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने बुधवार को उत्तराखंड के नये राज्यपाल के रूप में शपथ ली।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर एस चौहान ने यहां राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल सिंह को पद की शपथ दिलायी।

भारतीय सेना में उप प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए सिंह को सेवा के दौरान कई अलंकरणों से नवाजा जा चुका है। उन्हें भारत-चीन मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है।

नये राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ ही मुख्य सचिव एस एस संधु, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने बेबी रानी मौर्य की जगह ली है जिन्होंने पिछले दिनों अपना कार्यकाल पूरा होने के दो साल पहले पद से इस्तीफा दे दिया था।

शपथ ग्रहण के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सिंह ने कहा कि यह उनके लिए बहुत गर्व का विषय है कि उन्हें उत्तराखंड जैसी वीरों की भूमि की सेवा करने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि एक सैनिक के तौर पर देश की सेवा करने के बाद 'वीरभूमि' कहे जाने वाले उत्तराखंड की सेवा करने का मौका मिलने पर वह बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं जहां हर परिवार में कोई न कोई सैन्यबल में है।

राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों और उनके आश्रितों से संबंधित मसले उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह राज्यपाल पद की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Lt Gen Gurmeet Singh sworn in as the new Governor of Uttarakhand

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे