गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बेहद आत्मविश्वास के साथ कहा कि भाजपा इस चुनाव में '400 पार' कर रही है और 'एक बार फिर मोदी सरकार' का नारा लगाते हुए भाजपा केंद्र में सरकार बनाएगी। सीएम योगी ने कहा कि लेकिन ये अचानक नहीं होगा बल्कि नतीजे बीते 10 सालों में देश में हुए बदलाव को प्रदर्शित करेंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार सीएम योगी ने कहा कि 4 जून को बीजेपी-एनडीए सफलतापूर्वक '400 पार' पूरा कर लेगी। उन्होंने कहा, "आज '400 पार' आम आदमी के लिए मंत्र बन गया है। हर जगह आप सुन सकते हैं 'फिर एक बार मोदी सरकार-अबकी बार 400 पार'। लेकिन यह अचानक नहीं हुआ है। पिछले 10 सालों में देश में हर सेक्टर में हुए बदलाव के कारण ऐसा हुआ है।"
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "पिछले 10 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में राजमार्ग, रेलवे, एम्स, आईआईटी, आईआईएम, हर घर नल से जल और किसान सम्मान निधि जैसे क्षेत्रों में कार्यों के माध्यम से सरकार की संवेदनशीलता देखी जा सकती है और गरीब कल्याण योजनाएं के कारण 4 जून को भाजपा-एनडीए '400 पार' का लक्ष्य पूरा करेगी।''
विपक्ष के इंडिया गुट पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन लोगों ने संविधान का सबसे ज्यादा मजाक उड़ाया है।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लोगों ने संविधान का सबसे ज्यादा मजाक उड़ाया है। बाबा अंबेडकर की भावनाओं के खिलाफ जाकर तत्कालीन कांग्रेस ने संविधान में धारा 370 को शामिल किया था। अभिव्यक्ति की आजादी को कैद करने का काम पहली कांग्रेस सरकार के दौरान किया गया था। 1975 में आपातकाल लगाकर संविधान का गला घोंट दिया गया। अंबेडकर कहते थे कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता, लेकिन कांग्रेस लगातार कोशिश करती रही कि एससी, एसटी और ओबीसी कोटे से कुछ प्रतिशत निकालकर खासकर मुसलमान अल्पसंख्यकों को दिया जाए। कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी ऐसा ही किया है।''
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने धर्म आधारित आरक्षण के पक्ष में बोलने के लिए विपक्षी दलों की भी आलोचना की। योगी आदित्यनाथ ने कहा, "समाजवादी पार्टी ने 2012 और 2014 में अपने घोषणापत्र में लिखा था कि वह मुसलमानों को आरक्षण देगी। बिहार में राजद के लालू प्रसाद ने कहा है कि वह मुस्लिम आरक्षण के पक्ष में हैं। कांग्रेस के घोषणापत्र में पर्सनल लॉ का जिक्र है, जिसका मतलब है तालिबानी शासन। अपनी हार देखकर कांग्रेस-सपा गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके इरादे कभी नहीं पूरे होंगे।''