CPWD के इंजीनियरों की IAS अधिकारी पर कार्रवाई की मांग, दो इंजीनियरों को अपशब्द कहने और उन्हें गिरफ्तार कराने का आरोप लगाया
By विशाल कुमार | Updated: May 28, 2022 13:12 IST2022-05-28T13:02:51+5:302022-05-28T13:12:00+5:30
आवास और शहरी मामलों के मंत्री को भेजे गए एक पत्र में, सीपीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने आरोप लगाया है कि आईएएस अधिकारी नितेशेश्वर कुमार ने पुलिस को दो इंजीनियरों को गिरफ्तार करने या हिरासत में लेने का मौखिक आदेश दिया था।

CPWD के इंजीनियरों की IAS अधिकारी पर कार्रवाई की मांग, दो इंजीनियरों को अपशब्द कहने और उन्हें गिरफ्तार कराने का आरोप लगाया
नई दिल्ली: केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के करीबी आईएएस नितेशेश्वर कुमार पर इंजीनियरों से बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आवास और शहरी मामलों के मंत्री को भेजे गए एक पत्र में, सीपीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने आरोप लगाया है कि अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के आईएएस अधिकारी और सीईओ नितेशेश्वर कुमार ने पुलिस को दो इंजीनियरों सहायक इंजीनियर रिजवान आलम और कार्यकारी इंजीनियर आरके मट्टू को गिरफ्तार करने या हिरासत में लेने का मौखिक आदेश दिया था।
जिसके बाद उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया था और शीर्ष अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही उन्हें 10 घंटे बाद रिहा किया गया। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुमार अर्थशास्त्र से ग्रेजुएट हैं और उन्होंने सिविल निर्माण कार्य खासकर ऊंचाई पर स्थित पहाड़ी इलाकों में के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
बता दें कि, इससे पहले दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पर आरोप लगा कि दिल्ली का त्यागराज स्टेडियम सिर्फ इसलिए समय से पहले खिलाड़ियों के लिए बंद हो जाता है कि वह वहां अपने कुत्ते को टहला सकें।
मामला सामने आने के बाद जहां दिल्ली सरकार ने तत्काल सभी स्टेडियमों को रात 10 बजे तक खोलने का आदेश दे दिया वहीं केंद्र सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली सरकार में मुख्य राजस्व सचिव रहे संजीव खिरवार का ट्रांसफर लद्दाख तो उनकी पत्नी का अरुणाचल प्रदेश कर दिया। दोनों 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।