भारत में कोरोना के 38,079 नए मामले, 24 घंटे में 560 लोगों की मौत, जानें ताजा अपडेट
By विनीत कुमार | Published: July 17, 2021 09:29 AM2021-07-17T09:29:59+5:302021-07-17T09:35:55+5:30
Coronavirus India Update: स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 4 लाख 13 हजार 91 हो गई है। वहीं, एक्टिव केस अब घटकर 4.24 लाख के करीब पहुंच गए हैं।
भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 38,079 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही 560 लोगों की और मौत भी इस महामारी से हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह ये जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 4 लाख 13 हजार 91 हो गई है। वहीं 43 हजार 916 लोग पिछले 24 घंटे में बीमारी से ठीक भी हुए हैं। ऐसे में एक्टिव केस अब घटकर 4 लाख 24 हजार 25 हो गए हैं।
कोरोना रिकवरी रेट 97.31 प्रतिशत हुआ
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले साल से अब तक भारत में कुल 3 करोड़ 10 लाख 64 हजार 908 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इसमें 3 करोड़ 2 लाख 27 हजार 792 लोग बीमारी को मात देने में अभी तक कामयाब हुए हैं। इसी के साथ देश में रिकवरी रेट अब बढ़कर 97.31 प्रतिशत पहुंच गया है।
इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश भर में अब तक 39 करोड़ 96 लाख 95 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज लगाए जा चुके हैं। इसमें पिछले दिन ही 42 लाख 12 हजार टीके लगाए गए। वहीं आईसीएमआर ने बताया है कि अब तक 44 करोड़ 20 लाख कोरोना टेस्ट देश में किए जा चुके हैं।