सुब्रमण्यम भारती की अहम पुस्तकों का अंग्रेजी में होगा अनुवाद : स्टालिन

By भाषा | Published: September 12, 2021 09:45 PM2021-09-12T21:45:55+5:302021-09-12T21:45:55+5:30

Important books of Subramaniam Bharati to be translated into English: Stalin | सुब्रमण्यम भारती की अहम पुस्तकों का अंग्रेजी में होगा अनुवाद : स्टालिन

सुब्रमण्यम भारती की अहम पुस्तकों का अंग्रेजी में होगा अनुवाद : स्टालिन

चेन्नई, 12 सितंबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने रविवार को कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रीय कवि सुब्रमण्यम भारती की मौजूदा समय में एक समतावादी समाज बनाने के लिए बहुत जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी की अहम पुस्तकों का अंग्रेजी में अनुवाद किया जाएगा और उन्हें प्रकाशित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चेन्नई के अन्ना शताब्दी पुस्तकालय और मदुरै के पुस्तकालय में भारती की पुस्तकों के लिए एक अलग खंड भी स्थापित करेगी।

सुब्रमण्यम भारती की पुण्यतिथि को 'महाकवि दिवस' के रूप में मनाने के लिए यहां त्रिपलीकेन में कवि के घर पर आयोजित एक समारोह में स्टालिन ने कहा कि तमिल में उत्साह से लेखन कार्य करने वाले भारती की आज भी जरूरत है। आज के संदर्भ में उनकी सांप्रदायिक एकता, सभी धर्मों को समान मानने और जातिगत भेदभाव और दमन के खिलाफ साहसपूर्वक आवाज उठाने के लिए उनकी और भी अधिक आवश्यकता है।"

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसलिए, उनकी प्रसिद्धि और कार्य कभी नहीं मिटेंगे, भले ही वह अब हमारे बीच नहीं हैं।’’ स्टालिन ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि राज्य सरकार हर साल 11 सितंबर को भारती की पुण्यतिथि को 'महाकवि दिवस' के रूप में मनाएगी और एक साल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।

भारती का जन्म 11 दिसंबर 1882 को हुआ था और 11 सितंबर 1921 में उनका निधन हो गया था। वह सुधारवादी कवि और महिला अधिकारों के समर्थक थे।

संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महाकवि सुब्रमण्यम भारती स्मृति दिवस शताब्दी समारोह में यहां कहा कि भारती का ज्ञान और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भी हिस्सा लिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Important books of Subramaniam Bharati to be translated into English: Stalin

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे