Haryana Municipal Election: हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा को झटका, कई सीट पर निर्दलीय आगे, कांग्रेस पीछे
By सतीश कुमार सिंह | Updated: December 30, 2020 15:16 IST2020-12-30T14:24:08+5:302020-12-30T15:16:11+5:30
हरियाणा निकाय चुनावः हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा गठबंधन और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। अभी तक मुकाबले में निर्दलीय ने कई सीट पर बाजी मार ली है।

रेवाड़ी के धारुहेड़ा में निर्दलीय चेयरमैन प्रत्याशी विजेता घोषित किये गए हैं। (file photo)
चंडीगढ़ः हरियाणा में नगर निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन को झटका लगा है। किसान आंदोलन का असर यहां दिख रहा है। कांग्रेस ने सोनीपत में जीत हासिल की है।
भाजपा-जजपा गठबंधन को उकलाना और धारूहेड़ा में हार हुई है। तीन नगरपालिका में बड़ा झटका लगा है। तीन जगहों सतारूढ़ पार्टी की जगह निर्दलीय प्रत्याशी जीत गए हैं। हिसार के उकलाना, रोहतक के सांपला और रेवाड़ी के धारुहेड़ा में निर्दलीय चेयरमैन प्रत्याशी विजेता घोषित किये गए हैं।
हरियाणा नगर निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। नवीनतम रुझानों में भाजपा ने रेवाड़ी और पंचकूला में बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस ने सोनीपत पर कब्जा कर लिया है। अंबापूला में भाजपा को झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी शक्ति रानी शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया है। यहां पर कांग्रेस चौथे स्थान पर है।
पंचकूला में, भाजपा के मेयर प्रत्याशी कुलभूषण गोयल वर्तमान में कांग्रेस उम्मीदवार उपिंदर कौर अहलूवालिया के खिलाफ 24,080 वोटों से आगे चल रहे हैं, जो 19,148 वोटों से पीछे हैं। इस बीच, रेवाड़ी में विजयी उम्मीदवार भाजपा की मेयर प्रत्याशी पूनम यादव हैं।
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों के सभी वार्डों के सदस्य और महापौर पद के लिए, रेवाड़ी के नगरपालिका परिषद, सांपला (रोहतक), धारूहेड़ा (रेवाड़ी) और उकलाना (हिसार) की नगरपालिका समितियों के अध्यक्ष और सभी सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था।
नगरपालिका समिति, इंद्री (करनाल) के वार्ड नंबर सात, भूना (फतेहाबाद) के 13, राजौंद (कैथल) के 12, नगरपालिका परिषद फतेहाबाद के 14 और नगरपालिका परिषद सिरसा के वार्ड नंबर 29 के लिए भी उपचुनाव हुआ। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी।
मतदान केंद्रों और संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। चुनाव के नतीजे 30 दिसंबर को आएंगे। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा गठबंधन और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।
हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 रोगियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों पर अंतिम घंटे में अपना वोट डालने की अनुमति दी थी। सिंह ने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर केंद्र और राज्य प्राधिकरणों द्वारा जारी की गई सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया।


