बिहारः देश की पहली लोकसभा के एकमात्र जीवित बचे सदस्य कमल बहादुर सिंह का निधन, डुमरांव राज के थे अंतिम महाराज
By रामदीप मिश्रा | Updated: January 5, 2020 15:56 IST2020-01-05T15:48:38+5:302020-01-05T15:56:09+5:30
कमल बहादुर सिंह का निधन: पूर्व सांसद के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि सिंह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

File Photo
बिहार के डुमरांव राज के अंतिम महाराज और देश की पहली लोकसभा के एकमात्र जीवित बचे सदस्य कमल बहादुर सिंह का रविवार (05 जनवरी) को बक्सर में निधन हो गया। वह 94 साल के थे। कमल बहादुर सिंह के बेटे चंद्रविजय सिंह ने बताया है कि उनके पिता पिछले छह सालों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने रविवार सुबह 5.10 बजे भोजपुर कोठी में अंतिम सांस ली।
पूर्व सांसद के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि सिंह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अपने शोक संदेश में कुमार ने कहा कि सिंह ने शिक्षा क्षेत्र और समाज को समग्र रूप से विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Bihar: Kamal Bahadur Singh, last Maharaja of erstwhile Dumraon Raj and former Member of Parliament, passed away today, in Buxar.
— ANI (@ANI) January 5, 2020
मुख्यमंत्री ने कहा, 'कमल बहादुर सिंह के निधन के बाद एक स्वर्णिम और गौरवशाली युग समाप्त हो गया है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के विकास के लिए अपनी भूमि और संसाधनों का बड़े पैमाने पर दान किया था। उनके निधन से राजनीति और समाज के क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है।'