बैंक के पूर्व प्रबंधक ने महिला अधिकारी की चाकू घोंपकर हत्या की

By भाषा | Published: July 30, 2021 10:47 AM2021-07-30T10:47:16+5:302021-07-30T10:47:16+5:30

Former bank manager stabbed female officer to death | बैंक के पूर्व प्रबंधक ने महिला अधिकारी की चाकू घोंपकर हत्या की

बैंक के पूर्व प्रबंधक ने महिला अधिकारी की चाकू घोंपकर हत्या की

पालघर, 30 जुलाई महाराष्ट्र में पालघर जिले के विरार में एक निजी बैंक की महिला अधिकारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गयी जबकि हमले में उसकी महिला सहकर्मी घायल हो गयी।

पुलिस के अनुसार, हमले में दो लोग शामिल थे जिनमें से एक व्यक्ति बैंक की उसी शाखा का पूर्व प्रबंधक था जिसने कर्ज ले रखा था।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना आईसीआईसीआई बैंक की विरार पूर्व शाखा में बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। घटना के समय बैंक में दोनों महिलाएं ही काम कर रही थीं।

विरार पुलिस थाने के वरिष्ठ इंस्पेक्टर सुरेश वराडे ने बताया कि मामले में एक आरोपी अनिल दुबे को गिरफ्तार किया गया है। दुबे बैंक की इसी शाखा का पूर्व प्रबंधक है। उन्होंने बताया, ‘‘दोनों आरोपी बैंक में घुसे और उसकी सहायक प्रबंधक योगिता वर्तक तथा खजांची श्रद्धा देवरुखकर को चाकू दिखाकर धमकी दी।’’

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें नकदी और आभूषण देने को कहा तथा लूट के माल के साथ भागने की कोशिश की लेकिन दोनों महिलाओं ने शोर मचा दिया और उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने वर्तक और देवरुखकर को चाकू मार दिया।

वराडे ने बताया कि दुबे को बाद में लोगों ने पकड़ लिया और उसका साथी मौके से फरार हो गया। लोगों ने वर्तक को बैंक में खून से लथपथ पड़े देखा जबकि उसकी सहकर्मी बुरी तरह घायल हो गयी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां वर्तक को मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘दुबे बैंक की उसी शाखा का पूर्व प्रबंधक है जहां यह पूरी घटना हुई। उसने एक करोड़ रुपये का कर्ज लिया था और उसे चुकाने के लिए बैंक को लूटने की साजिश रची। वह अभी जिले में एक अन्य निजी बैंक में काम करता है।’’

पुलिस दुबे के साथी को पकड़ने के लिए तलाश कर रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Former bank manager stabbed female officer to death

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे