मानव तस्करी के आरोप में दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

By भाषा | Published: November 27, 2020 07:01 PM2020-11-27T19:01:49+5:302020-11-27T19:01:49+5:30

Five including two women arrested for human trafficking | मानव तस्करी के आरोप में दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

मानव तस्करी के आरोप में दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़), 27 नवंबर जिला पुलिस ने मानव तस्करी के मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

राजनांदगांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के डोंगरगढ़ शहर की 23 वर्षीय महिला का अपहरण कर बलात्कार करने और उसे बेचने के आरोप में पुलिस ने डोंगरगढ़ निवासी महिला साजदा सैय्यद (32 वर्ष), जुनैद खान (22 वर्ष), शुभम तिवारी और सलमान खान (30 वर्ष) तथा रायपुर निवासी महिला गंगा पाड़े (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने डोंगरगढ़ निवासी चार आरोपियों को 23 नवंबर को तथा रायपुर निवासी महिला आरोपी को 25 नवंबर को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि महिला के पति ने इस वर्ष सितंबर माह में अपनी पत्‍नी और चार वर्षीय बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस बीच 22 नवंबर को महिला डोंगरगढ़ पहुंची और पति के साथ थाने जाकर अपने साथ हुई घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पीड़िता की सुबह की सैर के दौरान साजदा से मित्रता हो गई। 11 सितंबर को साजदा ने महिला को पीने के पानी में नशे की दवाई मिलाकर दे दी।

उन्होंने बताया कि जब महिला की आंख खुली तब वह रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल में थी। उसके साथ उसका बेटा भी था। विमानतल में साजदा सैय्यद के अलावा डोंगरगढ़ के ही जुनैद खान, शुभम तिवारी, तथा दो अन्य लोग मौजूद थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने 11 सितंबर की रात में दिल्‍ली के लिए फ्लाईट ली और दिल्ली पहुंचकर पीड़ित महिला को उसके बेटे के साथ किराए के एक मकान में रखा गया। इस दौरान आरोपी शुभम तिवारी ने महिला के साथ बलात्कार किया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी महिला को दिल्ली से हरियाणा ले गए और उसे सुरेश नाम के किसी व्यक्ति के पास एक लाख रूपए में बेच दिया। महिला किसी तरह सुरेश के पास से भागने में कामयाब रही लेकिन पकड़ी गई। बाद में सुरेश ने महिला को आरोपियों के हवाले कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाद में आरोपियों ने महिला को हरियाणा के राजेश के पास डेढ़ लाख रूपए में बेच दिया। जब पीड़ित महिला ने राजेश को घटना के बारे में जानकारी दी तब राजेश उसे करीब के पुलिस थाने लेकर गया। बाद में हरियाणा पुलिस के सहयोग से महिला 22 नवंबर को वापस डोंगरगढ़ पहुंच सकी।

उन्होंने बताया कि आरोपी महिला की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला साजदा सैय्यद ही इस मामले की मुख्‍य आरोपी है। उसके दिल्‍ली और हरियाणा के कुछ लोगों से संपर्क के बारे में जानकारी मिली है। वहीं रायपुर से गिरफ्तार की गई महिला गंगा पाड़े का भी दिल्‍ली और हरियाणा के लोगों से संपर्क है।

उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम इस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में कुछ अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

इधर आरोपी महिला गंगा पाड़े के भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद पाड़े को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

राज्य में भाजपा ने एक बयान जारी कर बताया है कि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने पाड़े को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Five including two women arrested for human trafficking

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे