नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई जिम्मेदारियां संभालने के एक दिन बाद बुधवार को पार्टी के पदाधिकारियों के साथ अपनी पहली रणनीति बैठक की और पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार, दिनभर चली बैठक में नबीन ने पार्टी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने वीबी-जी राम जी अधिनियम को लेकर कांग्रेस के “नकारात्मक अभियान” का जवाब देने के निर्देश दिए और नई ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रयास तेज करने को कहा। भाजपा पहले से ही पूरे देश में एक अभियान चला रही है,
ताकि संप्रग सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना की जगह लेने वाली योजना के खिलाफ विमर्श बनाने के कांग्रेस के प्रयासों का मुकाबला किया जा सके। सूत्रों के अनुसार, बैठक में नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ देश भर में चुनाव प्रचार अभियान के संचालन के तरीके पर चर्चा की और इसे और मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इस बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिसमें भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य इकाई के पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ उपस्थित थे। एक नेता ने बताया, “नड्डा ने प्रतिनिधियों को संबोधित किया और बैठक में चर्चा किए गए विभिन्न मुद्दों पर अपना मार्गदर्शन और सुझाव दिए।”