क्रूज़ पर ड्रग्स पार्टी: एनसीबी ने शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया
By भाषा | Published: October 3, 2021 07:12 PM2021-10-03T19:12:58+5:302021-10-03T19:12:58+5:30
मुंबई, तीन अक्टूबर स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई के अपतटीय क्षेत्र से एक क्रूज़ पोत से प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्ती के सिलसिले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
आर्यन खान को जल्द ही यहां मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। वकील सतीश मानशिंदे अदालत में आर्यन खान की पैरवी करेंगे।
आर्यन खान के खिलाफ प्रतिबंधित पदार्थ रखने और सेवन करने के आरोप में एनडीपीएस कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एनसीबी के अधिकारियों ने आर्यन खान एवं सात अन्य को शनिवार रात को हिरासत में लिया था। अधिकारियों ने मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज़ पोत पर छापेमारी के बाद उन्हें हिरासत में लिया था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।