लखनऊ दौरे पर चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

By भाषा | Published: September 9, 2021 04:53 PM2021-09-09T16:53:56+5:302021-09-09T16:53:56+5:30

Congress General Secretary Priyanka Gandhi will take stock of election preparations on Lucknow tour | लखनऊ दौरे पर चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

लखनऊ दौरे पर चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

लखनऊ, नौ सितंबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को लखनऊ पहुंच रही हैं और इस दौरान वह उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का जायजा लेंगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका आज दोपहर लखनऊ पहुंचीं और वह कौल हाउस में विश्राम करेंगी। उनका दौरा औपचारिक रूप से शुक्रवार 10 सितंबर से शुरू होगा।

प्रियंका ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वह अपने इस दौरे पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दल की तैयारियों का जायजा लेंगी।

कुमार ने बताया कि इस दौरान प्रियंका पार्टी के आगामी अभियानों पर मंथन करेंगी और सलाहकार समिति तथा चुनाव कमेटी के साथ बैठकें करेंगी। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया पर मंथन किया जाएगा।

कुमार ने बताया कि प्रियंका 'हर गांव कांग्रेस' अभियान की जिलावार समीक्षा करेंगी। प्रत्येक गांव में कांग्रेस की उपस्थिति को मजबूत करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही नवनियुक्त 8,134 न्याय पंचायत अध्यक्षों और उनके एक लाख 70 हज़ार पदाधिकारियों की रिपोर्ट लेंगी। वह आगामी एक महीने में चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और रणनीति भी तय करेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रियंका 'प्रशिक्षण से पराक्रम' महाअभियान के पहले चरण पर भी चर्चा करेंगी। पिछले महीने शुरू हुए 100 दिन लंबे इस अभियान के दौरान 700 प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जायेंगे। इस दौरान करीब दो लाख पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Congress General Secretary Priyanka Gandhi will take stock of election preparations on Lucknow tour

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे