असम-मिजोरम सीमा विवाद का हल करने के लिए दिल्ली में नौ जुलाई को मुख्य सचिव स्तर की वार्ता
By भाषा | Updated: July 2, 2021 21:51 IST2021-07-02T21:51:19+5:302021-07-02T21:51:19+5:30

असम-मिजोरम सीमा विवाद का हल करने के लिए दिल्ली में नौ जुलाई को मुख्य सचिव स्तर की वार्ता
आइजोल, दो जुलाई मिजोरम-असम सीमा पर मौजूद तनाव को कम करने के लिए नौ जुलाई को दिल्ली में मुख्य सचिव स्तर की वार्ता होगी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कोलासिब जिला के उपायुक्त एच लालथंगलियाना ने पीटीआई-भाषा से कहा कि कि दोनों राज्यों के बीच अंतर-राज्यीय सीमा विवाद पर द्विपक्षीय वार्ता होगी।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को जिले के आईतलांग हनार इलाके में फिर से तनाव पैदा हो जाने के बाद यह बैठक की जा रही है। कोलासिब जिले की सीमा असम के हाईलाकांडी जिले से मिलती है। उपायुक्त ने कहा कि मुख्य सचिव स्तर की बैठक नौ जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी में होगी।
इस बीच, कोलासिब के पुलिस अधीक्षक वी रालते ने कहा कि मिजोरम-असम सीमा पर स्थिति अब शांतिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बल सीमा पर विवादित क्षेत्र में अब भी डेरा डाले हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अंतर-राज्यीय सीमा के उस स्थान पर कोई टकराव या अप्रिय घटना नहीं हुई है, जहां हाल में फिर से तनाव पैदा हो गया था। स्थिति अब शांतिपूर्ण है। ’’ मिजोरम की करीब 164.6 किमी असम से लगी हुई है। मिजोरम 1972 तक असम का हिस्सा था।
दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद दशकों से लंबित विषय है। विवाद का हल करने के लिए केंद्र की भागीदारी के साथ कई बार वार्ता हुई है, लेकिन उसका थोड़ा-बहुत ही नतीजा निकल पाया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।