नई दिल्लीः प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने एक याचिककर्ता के पिता द्वारा उनके भाई को फोन कॉल कर चिकित्सा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अल्पसंख्यक आरक्षण से संबंधित एक न्यायिक आदेश पर आपत्ति जताने को लेकर, बुधवार को कड़ी नाराजगी जताई। यह मामला हरियाणा के जाट पुनिया समुदाय में जन्मे निखिल कुमार पुनिया से संबंधित है, जिन्होंने उत्तर प्रदेश के सुभारती चिकित्सा महाविद्यालय में बौद्ध धर्म अपनाने के बाद अल्पसंख्यक कोटे के तहत प्रवेश दिलाने की गुहार लगाई थी। मुख्य न्यायाधीश ने सवाल किया कि याचिकाकर्ता के पिता के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों नहीं शुरू की जानी चाहिए।
जिन्होंने कथित तौर पर फोन किया था। यह विचित्र घटनाक्रम उस मामले में हुआ जहां सामान्य श्रेणी के दो उम्मीदवार बौद्ध चिकित्सा महाविद्यालय में अल्पसंख्यक कोटे के तहत प्रवेश मांग रहे थे, इस आधार पर कि उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया था। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने जनवरी में धर्मांतरण की सत्यता पर संदेह व्यक्त किया था।
याचिकाकर्ताओं के अल्पसंख्यक प्रमाण पत्रों की जांच का आदेश दिया था। आज जब इस मामले की सुनवाई हुई, तो मुख्य न्यायाधीश ने याचिकाकर्ता के वकील से कहा कि आपके मुवक्किल के पिता के खिलाफ अवमानना का मामला क्यों नहीं होना चाहिए? क्या आपको पता है कि उन्होंने क्या किया है, या क्या मुझे खुले न्यायालय में इसका खुलासा करना चाहिए?
उनकी हिम्मत कैसे हुई मेरे भाई को फोन करके यह बताने की कि मुख्य न्यायाधीश ने यह आदेश पारित किया है? मुख्य न्यायाधीश ने याचिकाकर्ता के वकील से कहा कि क्या वे मुझे निर्देश देंगे? आप पहले इसकी पुष्टि करें और फिर एक वकील के रूप में सबसे पहले आपको अपना नाम वापस ले लेना चाहिए!
यदि मुवक्किल दुराचार कर रहा है। भले ही वह भारत से बाहर छिप जाए, मुझे पता है कि ऐसे लोगों से कैसे निपटना है। आप मुझे धमका रहे हैं! ऐसा करने की हिम्मत कभी मत करना। कभी-कभी आपको लगता है कि मैं मामला स्थानांतरित कर दूंगा। मैं पिछले 23 वर्षों से ऐसे तत्वों से निपटता आ रहा हूं।