लखनऊ: बीते दस वर्षों से हर चुनावों के पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए तरह-तरह के अभियान चलाती आ रही हैं. जिसके चलते महिलाओं के खाते में पैसे भेजने का साथ ही लड़कियों को साइकिल, स्कूटी और टैबलेट देने की योजनाओं की घोषणा की जाती है. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अभियान शुरू करने का फैसला किया है.
इस अभियान के तहत पार्टी 18 अप्रैल तक मिस्ड कॉल अभियान चलाया जाएगा. भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता छात्राओं से मिलकर एक विशेष नंबर पर मिस्ड कॉल कराएगी. भाजपा नेताओं के अनुसार इस अभियान के जरिए पार्टी के डाटा बैंक में 20 लाख महिलाओं के नए नाम जुड़ेंगे, जिनके नंबरों पर पार्टी अपने अभियान एवं सरकार की उपलब्धियों का पत्र भेजेगी. उनसे फीडबैक लिया जा सकेगा, साथ ही इस बहाने पार्टी संपर्क बढ़ाकर चुनावी जमीन भी मजबूत की जाएगी.
महिलाओं को यह सब बताया जाएगा
भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में लोकसभा एवं राज्यसभा में 16 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा, जिससे महिलाओं को सदन में एक तिहाई प्रतिनिधित्व मिलने का रास्ता खुल जाएगा. पार्टी इसे क्रांतिकारी उपलब्धि मानकर आधी आबादी (महिलाओं) से वोटों का रिश्ता बढ़ाने का मौका मान रही है. इसके चलते ही नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत सूबे की हर लोकसभा से 12,500, और हर विधानसभा में पार्टी की केंद्रीय इकाई द्वारा दिए गए विशेष फोन नंबर पर ढाई हजार लोगों से मिस्ड कॉल कराया जाएगा.
उन्हें मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों की सूची मोबाइल पर भेजी जाएगी. महिलाओं के हित में किए गए कार्यों का ब्यौरा भी भेजा जाएगा, अयोध्या और वाराणसी में बनाए गए भव्य मंदिर के बारे में भी महिलाओं को विस्तार के जानकारी दी जाएगी और भाजपा की नीतियों के बारे में बताया जाएगा. नारी शक्ति वंदन अभियान की यह सारी रूपरेखा पार्टी के सीनियर नेताओं ने तय की. इस अभियान की ज्यादातर जिम्मेदारी महिलाओं को दी गई है. पार्टी के इस फैसले से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का चुनावी आधार मजबूत करने में मदद मिलेगी. यह दावा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कर रहे हैं.
पंकज चौधरी के अनुसार आज से 15 अप्रैल के बीच नारी शक्ति दीवार के अंतर्गत सभी लोकसभा क्षेत्रों में महिलाओं एवं छात्राओं द्वारा नारी शक्ति श्रृंखला बनाई जाएगी. जिला मुख्यालयों पर पांच हजार, कमिश्नरी पर तीन हजार एवं जिला मुख्यालयों पर दो हजार महिलाओं को एकत्रित कर दीवार पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. इस आयोजन के दौरान भी बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मिस्ड कॉल अभियान के आंकड़ों को सुधारेगी.
पार्टी इस अभियान को इस लिए भी महत्व दे रही है क्योंकि एसआईआर के चलते राज्य में दो करोड़ चार लाख वोट कर गए हैं. पहले प्रदेश की मतदाता सूची में 15.44 करोड़ मतदाता थे. अब यह 13.39 करोड़ रह गए हैं. मतदाता सूची में 7.30 करोड़ पुरुष और 6.09 करोड़ महिला मतदाता हैं. इन्हीं 6.09 करोड़ महिला मतदाताओं में से अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए भाजपा नारी शक्ति वंदन अभियान शुरू कर रही है.