Birsa Munda Jayanti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे लोक नायक बिरसा मुंडा के पैतृक गांव उलिहातू, दी श्रद्धांजलि
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: November 15, 2023 13:09 IST2023-11-15T13:05:52+5:302023-11-15T13:09:46+5:30
लोक नायक बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके झारखंड स्थित पैतृक गांव उलिहातु पहुंचे। बिरसा के गांद पहुंचने वाले नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं।

एएनआई
खूंटी: देश आज लोक नायक बिरसा मुंडा की जंयती मना रहा है। इस मौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को उनके झारखंड स्थित पैतृक गांव उलिहातु पहुंचे। प्रधानमंत्री ने खूंटी जिले में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उलिहातु का दौरा करने वाले नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। बिरसा के गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ढोल और मांदर जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों बजाकर और नृत्य करके उनका स्वागत किया।
On Janjatiya Gaurav Divas, let us remember Bhagwan Birsa Munda and redouble our efforts towards achieving greater prosperity for the tribal communities. https://t.co/nVDVNKh1z5
— Narendra Modi (@narendramodi) November 15, 2023
आदिवासी समाज में देवता की तरह पूजे जाने वाले बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खूंटी में एक प्रदर्शनी का निरीक्षण करने के लिए निकले। उससे पहले प्रधानमंत्री ने आज रांची में भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क और स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का दौरा किया और वहां भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उनके साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा और झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद थे।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपने पोस्ट में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर दिये संदेश में कहा, "भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर सादर श्रद्धांजलि। इस विशेष अवसर पर देश भर में मेरे परिवार के सदस्यों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
मालूम हो कि आजादी के संघर्ष में अंग्रेजों से लोहा लेने वाले बिरसा मुंडा के सम्मान देने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 10 नवंबर 2021 को ऐलान किया था कि हर साल 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।