बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर लगा खरमास का ग्रहण, अब जनवरी में होगी यात्रा
By एस पी सिन्हा | Updated: December 15, 2024 15:49 IST2024-12-15T15:49:17+5:302024-12-15T15:49:27+5:30
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अगले महीने अर्थात जनवरी में महिला संवाद यात्रा पर जाएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा में 225 करोड़ रुपए खर्च होने वाले हैं जिसको लेकर विपक्ष हमलावर है।

बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर लगा खरमास का ग्रहण, अब जनवरी में होगी यात्रा
पटना:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 15 दिसंबर से होने वाली महिला संवाद यात्रा टल गई है। कहा जा रहा है कि खरमास के कारण मुख्यमंत्री की महिला संवाद यात्रा को टाल दिया गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अगले महीने अर्थात जनवरी में महिला संवाद यात्रा पर जाएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा में 225 करोड़ रुपए खर्च होने वाले हैं जिसको लेकर विपक्ष हमलावर है।
मिली जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब 15 जनवरी से महिला संवाद यात्रा पर जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा पर जाने को लेकर युद्धस्तर से तैयारी जारी है। अपनी यात्रा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर जिले में जाकर महिलाओं से बातचीत कर जमीन तौर पर चल रहे योजनाओं की जानकारी लेंगे। बीते दिन ही खबर सामने आई थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा टल सकती है। हालांकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा को लेकर अब तक कोई अधिकारिक घोषणा जारी नहीं की गई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा बिहार के सभी जिलों में होगी। अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सभी योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। उल्लेखनीय है कि तेजस्वी यादव लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा पर हमलावर हैं। तेजस्वी यादव हर दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा पर होने वाले 225 करोड़ के खर्चे पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
बीते दिन तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यात्रा तथा महिलाओं के नाम पर सोशल मीडिया इत्यादि पर प्रचार-प्रसार के लिए 104 करोड़ तथा चाय-पानी और अल्पाहार के लिए 114 करोड़ ₹ सरकार के खजाने से उलट-पलट वाली छवि को सुधारने में खर्च करेंगे।
इसके अलावा 150 करोड़ एक पीआर कंपनी को भी दिया जाएगा। हमारे 10 लाख सरकारी नौकरियों के प्रण पर हमसे ये पूछने वाले शख़्स ने कि पैसा कहा से लाएगा? नौकरियों के लिए पैसा क्या बाप के घर से लाएगा? वही शख़्स गरीब राज्य के खजाने का 225,7800000 से अधिक अब अपनी बिगड़ी छवि सुधारने के प्रयास, प्रलोभन देने, सोशल मीडिया और चाय-पानी पर खर्च कर रहे है"।