बिहार विधानसभा चुनाव 2020: दलितों पर अत्याचार कांग्रेस का होगा मुख्य चुनावी मुद्दा
By शीलेष शर्मा | Updated: October 12, 2020 18:00 IST2020-10-12T17:58:59+5:302020-10-12T18:00:46+5:30
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री योगी पर सीधा आरोप लगाया कि "सरकार के इशारे पर पीड़ितों पर आक्रमण शुरू किया गया है और अभियुक्तों की मदद की जा रही है। सरकार का काम अपराधियों की रक्षा करना नहीं उनको जेल में डालने का होता है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने उसी समय योगी सरकार पर तीखा हमला बोला।
नई दिल्लीः हाथरस के कथित गैंग रेप पीड़ित का परिवार इलाहाबाद उच्च न्यायालय में जिस समय न्याय की गुहार लगा रहा था, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने उसी समय योगी सरकार पर तीखा हमला बोला।
राहुल ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की जगह योगी सरकार अभियुक्तों को संरक्षण देने का काम कर रही है। राहुल ने लोगों का आह्वान किया कि वे बाहर निकालें और सरकार पर दवाब बताएं। " स्पीक अप इंडिया " के तहत राहुल ने वीडिओ जारी करते हुए कहा "समाज को बदलना है, क्योंकि जो हमारी माताओं, बहनों के खिलाफ इस देश में सरासर अन्याय किया जाता है जिसके खिलाफ देश भर में आवाज़ बुलंद होनी चाहिए। "
राहुल ने मुख्यमंत्री योगी पर सीधा आरोप लगाया कि "सरकार के इशारे पर पीड़ितों पर आक्रमण शुरू किया गया है और अभियुक्तों की मदद की जा रही है। सरकार का काम अपराधियों की रक्षा करना नहीं उनको जेल में डालने का होता है।
दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो रहा है और इसीलिए मुझे हाथरस जाने से रोका गया। समय आ गया है जब सभी मिल कर अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाए ताकि एक कदम बदलाव की ओर बढ़ाया जा सके।" राहुल के साथ साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा "महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं, पीड़ित महिलाओं की सच्चाई और उनकी आवाज़ को सुनने की बजाये उन्ही को बदनाम करना, उन्ही पर आरोप लगाना सबसे शर्मनाक और बुज़दिल हरकत है।
देश की महिलाएं अब चुप नहीं रहेंगी" प्रियंका ने योगी आदित्यनाथ सरकार को चेतावनी दी कि अगर एक बहिन को दोषी ठहराया तो लाखों बहनें अपनी आवाज़ बुलंद करेंगी। उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाथरस की घटना को बिहार विधान सभा चुनाव में प्रमुख मुद्दा बना कर दलितों के खिलाफ हो रहे हमलों को उजागर करेगी ताकि दलित समुदाय के बड़े वोट बैंक को वह अपने पक्ष में कर सके।