Bihar Assembly Deputy Speaker: बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने बुधवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा सचिवालय द्वारा बुधवार को जारी एक अधिसूचना के अनुसार हजारी का इस्तीफा 21 फरवरी की दोपहर से प्रभावी हो गया। कल्याणपुर निर्वाचन क्षेत्र (आरक्षित) से दूसरी बार विधायक बने हजारी मार्च, 2021 से उपाध्यक्ष पद पर थे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि हजारी ने विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा क्यों दिया है। महेश्वर हजारी ने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर के बाद कहा कि उन्होंने आलाकमान के नॉलेज में देने के बाद पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि हम पार्टी के समर्पित सिपाही हैं और पार्टी आलाकमान का जो निर्देश होगा, हम वही काम करेंगे।
महेश्वर हजारी ने कहा कि आज शिक्षा मंत्री विजय चौधरी के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मैंने फैसला लिया है। लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर हजारी ने कहा कि इस बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है, पार्टी का जैसा निर्देश होगा हम वही करेंगे। आलाकमान के हर निर्देश का पालन होगा, हम बिल्कुल नाराज नहीं है। वहीं, जदयू सूत्रों ने बताया कि महेश्वर हजारी को जल्द ही नीतीश सरकार में मंत्री बनाया जायेगा। इसके कारण ही उन्होंने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है।
महेश्वर हजारी पहले भी नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में भवन निर्माण मंत्री रह चुके हैं। बता दें कि नीतीश कैबिनेट का विस्तार होना अभी बाकी है। फिलहाल सरकार में सिर्फ 9 मंत्री शामिल हैं। इसी सप्ताह मंत्रिमंडल का विस्तार होने की संभावना है। नये मंत्रिमंडल में महेश्वर हजारी दलित तबके का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।