सिक्किम हादसाः 3 जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों के पार्थिव शरीर को आज उनके पैतृक स्थान ले जाया जाएगा

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: December 24, 2022 07:25 AM2022-12-24T07:25:53+5:302022-12-24T07:53:31+5:30

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी गहरा दुख व्यक्त किया और ट्वीट किया, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे 16 बहादुरों ने ज़ेमा में एक दुखद दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’

Army truck falls into gorge in North Sikkim 16 soldiers killed | सिक्किम हादसाः 3 जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों के पार्थिव शरीर को आज उनके पैतृक स्थान ले जाया जाएगा

सिक्किम हादसाः 3 जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों के पार्थिव शरीर को आज उनके पैतृक स्थान ले जाया जाएगा

Highlightsमृतकों के पार्थिव शरीर शनिवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से उनके घर ले जाए जाएंगे।राजनाथ सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए अत्यंत कृतज्ञ है।सेना के अनुसार, चार घायल जवानों को हेलीकॉप्टर की मदद से निकाला गया है।

गंगटोक/नयी दिल्ली/कोलकाताः उत्तरी सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को सेना का एक ट्रक तीव्र मोड़ पर मुड़ते समय खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इस हादसे में तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) समेत 16 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। सेना ने यह जानकारी दी। सेना के अनुसार, चार घायल जवानों को हेलीकॉप्टर की मदद से निकाला गया है। एक रक्षा प्रवक्ता ने गुवाहाटी में कहा कि मृतकों के पार्थिव शरीरों को शनिवार को हवाई और सड़क मार्ग से उनके पैतृक स्थान ले जाया जाएगा।

सेना ने कहा कि उत्तरी सिक्किम के जेमा में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 16 सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीरों पर शनिवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पर पुष्पचक्र अर्पित किये जाएंगे। इसने एक बयान में कहा, ‘‘उत्तरी सिक्किम के जेमा में 23 दिसंबर को सेना के एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से भारतीय सेना के 16 बहादुर कर्मियों की जान चली गई।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेना के जवानों की मौत पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी का हवाला देते हुए ट्वीट किया, "सिक्किम में सड़क दुर्घटना में हमारे बहादुर सैन्यकर्मियों की मौत से दुखी हूं। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

सेना के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुआ ट्रक सुबह के समय चत्तेन से थांगू की ओर जा रहे तीन वाहनों के काफिले में शामिल था। इसने कहा, ‘‘रास्ते में ज़ेमा में वाहन एक तीव्र मोड़ पर एक खड़ी ढलान से फिसल गया। तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और चार घायल जवानों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया है।’’ सेना ने कहा, "दुर्भाग्य से, तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। भारतीय सेना दुख की इस घड़ी में शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।"

मृतकों के पार्थिव शरीर शनिवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से उनके घर ले जाए जाएंगे

एक रक्षा प्रवक्ता ने बाद में कहा कि मृतकों के पार्थिव शरीर शनिवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से उनके घर ले जाए जाएंगे। उन्होंने कहा, "आज दोपहर 12.30 से अपराह्न दो बजे के बीच बागडोगरा हवाई अड्डे के तकनीकी क्षेत्र में पुष्पचक्र अर्पित किये जाएंगे।’’

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया

प्रवक्ता ने कहा कि 13 कर्मियों के पार्थिव शरीरों को उनके गृह नगरों के निकटतम हवाई अड्डों ले जाया जाएगा, जबकि तीन को सड़क मार्ग से भेजा जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह सैनिकों की मृत्यु से ‘‘बहुत दुखी’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए अत्यंत कृतज्ञ है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

सेना ने एक ट्वीट में कहा कि थलसेना अध्यक्ष जनरल मनोज पांडे और बल के सभी रैंक के अधिकारियों ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले 'वीरों' के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। इसने कहा, "जनरल मनोज पांडे और भारतीय सेना के सभी रैंक के अधिकारी सिक्किम में एक दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले बहादुरों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और ममत बनर्जी ने दुख व्यक्त किया

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी गहरा दुख व्यक्त किया और ट्वीट किया, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे 16 बहादुरों ने ज़ेमा में एक दुखद दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन चार घायल कर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, जिनका वर्तमान में उपचार किया जा रहा है।’’ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी जवानों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इन जवानों ने गंवाई जान

सेना ने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले जवानों में 285 मेडिकल रेजिमेंट के नायब सूबेदार चंदन कुमार मिश्रा और नायब सूबेदार ओंकार सिंह, 26 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के एल/हवलदार गोपीनाथ माकुर, सिपाही सुखा राम, हवलदार चरण सिंह और नायक रविंदर सिंह थापा शामिल हैं। उसने कहा कि मृतकों में 221 फील्ड रेजीमेंट के नायक वैशाख एस और नायक प्रमोद सिंह शामिल हैं, जबकि 25 ग्रेनेडियर्स के चार सैनिकों- एल/नायक भूपेंद्र सिंह, नायक श्याम सिंह यादव, नायक लोकेश कुमार और ग्रेनेडियर विकास कुमार ने भी इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी।

सेना ने कहा कि 8 राजस्थान राइफल्स से सूबेदार गुमान सिंह और एल/हवलदार अरविंद सिंह, 113 इंजीनियर रेजिमेंट के एल/नायक सोमबीर सिंह और 1871 फील्ड रेजिमेंट के एल/नायक मनोज कुमार भी दुर्घटना में जान गंवाने वाले सैनिकों में शामिल हैं।

Web Title: Army truck falls into gorge in North Sikkim 16 soldiers killed

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे