अभिनेता दिलीप कुमार का निधन फिल्म जगत के लिये अपूरणीय क्षति है- नीतीश
By भाषा | Published: July 7, 2021 08:52 PM2021-07-07T20:52:17+5:302021-07-07T20:52:17+5:30
पटना, सात जुलाई बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिल्म स्टार दिलीप कुमार के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि उनका देहावसान फिल्म जगत के लिये अपूरणीय क्षति है।
नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा,‘‘दिवंगत दिलीप कुमार हिन्दी फिल्मों के एक प्रसिद्ध और लोकप्रिय अभिनेता थे जो भारतीय संसद के उच्च सदन राज्य सभा के सदस्य रह चुके थे। उन्हें 1995 में भारतीय फिल्मों के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा दिलीप कुमार को 1998 में पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज से भी सम्मानित किया गया था। उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुयी है।’’
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।