FIFA World Cup: क्या रोनाल्डो दिलाएंगे अपने देश को पहला खिताब? फीके रिकॉर्ड पर उम्मीदों का बोझ
By विनीत कुमार | Updated: June 4, 2018 07:16 IST2018-06-04T07:16:50+5:302018-06-04T07:16:50+5:30
2016 में रोनाल्डो ने पुर्तगाल को यूरोपियन चैम्पियंस खिताब जीताने में जरूर बड़ी भूमिका निभाई।

Cristiano Ronaldo
नई दिल्ली, 4 जून: रूस में 14 जून से जब फीफा वर्ल्ड कप का आगाज होगा तो फैंस की नजर दुनिया के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर भी होंगी। हाल में रियाल मेड्रिड के लिए चैम्पियंस लीग जीतने वाले रोनाल्डो क्लब फुटबॉल में भले ही बड़े दिग्गज माने जाते हैं लेकिन अपने देश के लिए वह वर्ल्ड कप में अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
पांच बार 'बैलन डी ओर' खिताब जीत चुके रोनाल्डो अभी 33 साल के हैं और हो सकता है कि ये उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो। ऐसे में वह वर्ल्ड कप नहीं जीतने का मलाल जरूर खत्म करना चाहेंगे।
रोनाल्डो का सपना उनके देश के लाखों फुटबॉल फैंस का भी सपना है। ऐसा इसलिए कि पुर्तगाल ने भी कभी वर्ल्ड कप नहीं जीता है। पुर्तगाल ने फीफा वर्ल्ड में 6 बार हिस्सा लिया है और अब तक कभी भी विजेता नहीं रही है। पुर्तगाल का सबसे उम्दा प्रदर्शन 1966 में रहा था जब टीम तीसरे स्थान पर रही थी। पुर्तगाल का ये पहला वर्ल्ड कप भी था। (और पढ़ें- गर्लफ्रेंड्स से लेकर फीफा वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड्स तक, जानिए रोनाल्डो के बारे में सब कुछ)
दमदार रोनाल्डो का वर्ल्ड कप करियर
रोनाल्डो ने अपना वर्ल्ड कप डेब्यू 2006 में तब के मुख्य कोच लुइस फेलिप स्कोलारी की अगुवाई में किया और पुर्तगाल के लिए 6 मैच खेले। पुर्तगाल की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही और तीसरे स्थान पर रही। इस टूर्नामेंट में ग्रुप मैचों के दौरान रोनाल्डो ने अपना पहला वर्ल्ड कप गोल भी दागा। रोनाल्डो ने ये गोल ईरान के खिलाफ किया।
उस दौर में मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए खेल रहे रोनाल्डो उस वर्ल्ड कप में विवादों में भी आए। दरअसल, क्वॉर्टर फाइनल में इंग्लैंड के दिग्गज वेन रूनी को रेड कार्ड दिखाया गया और उसमें रोनाल्डो की भूमिका अहम रही। पुर्तगाल उस मैच को जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची लेकिन कई लोगों ने माना कि रूनी को जिस घटना के लिए रेड कार्ड दिखाया गया उस रोनाल्डो चोट को लेकर एक्टिंग कर रहे थे। (और पढ़ें- FIFA World Cup 2018: महान मेसी को वर्ल्ड कप जीत की तलाश, खत्म होगा अर्जेंटीना का 32 साल लंबा इंतजार?)
पहले वर्ल्ड कप में रोनाल्डो चर्चा में तो आए लेकिन इसके बाद 2010 और 2014 में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा। इस समय तक रोनाल्डो बड़े फुटबॉलर बन चुके थे लेकिन इन दोनों वर्ल्ड कप में भी वे केवल एक-एक गोल ही कर सके।
रोनाल्डो के खेल से पुर्तगाल ने जीता योरोपियन चैम्पियंस खिताब
2016 में रोनाल्डो ने पुर्तगाल को यूरोपियन चैम्पियंस खिताब जीताने में जरूर बड़ी भूमिका निभाई। रोनाल्डो ने इस टूर्नामेंट में 3 गोल दागे और तीन गोल में सहायता की। फाइनल में रोनाल्डो पहले 25 मिनट में ही चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए लेकिन साइडलाइन पर खड़े होकर लगातार टीम को गाइड करते रहे। तब रोनाल्डो की खूब प्रशंसा हुई थी। शायद इसलिए भी पुर्तगाल के फैंस की उम्मीदें इस बार काफी ज्यादा हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2018 से जुड़ी सारी खबर यहां पढ़ें
