FIFA World Cup: मैक्सिको की नजरें 'पांचवें' मैच का मिथक तोड़ने पर, ब्राजील से मुकाबला
By भाषा | Published: July 2, 2018 11:43 AM2018-07-02T11:43:59+5:302018-07-02T11:43:59+5:30
मैक्सिको के कप्तान आंद्रेस गुआर्डेडो ने कहा कि पांचवें मैच में जगह बनाने के साथ इतिहास रचने से बड़ी कोई याद नहीं है।
सेंट पीटर्सबर्ग, दो जुलाई। मैक्सिको की टीम विश्व कप प्री क्वार्टर फाइनल में ब्राजील के खिलाफ उतरेगी तो इतिहास उसके पक्ष में नहीं होगा लेकिन टीम मौजूदा टूर्नामेंट में दिखा चुकी है कि वह बड़ी टीमों को हैरान करने में सक्षम है। मैक्सिको ने लगातार सातवीं बार विश्व कप प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है, लेकिन टीम पिछले छह मौकों पर अंतिम 16 की बाधा को पार करने में विफल रही जिससे 'पांचवें मैच' में खेलना उसका बड़ा लक्ष्य बन गया है।
मैक्सिको के कप्तान आंद्रेस गुआर्डेडो ने कहा कि पांचवें मैच में जगह बनाने के साथ इतिहास रचने से बड़ी कोई याद नहीं है। मानसिक रूप से हम अलग खिलाड़ी हैं लेकिन हम सभी को पता है कि हमें इस कसौटी पर परखा जाएगा कि हम आगे बढ़े या नहीं।
मैक्सिको ने अंतिम 16 में कई करीबी मुकाबले गंवाए हैं। टीम 1994 में बुल्गारिया के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हारी। टीम ने 1998 और 2006 में क्रमश: जर्मनी और अर्जेन्टीना के खिलाफ बढ़त बनाने के बाद मैच गंवाया।
चार साल पहले अंतिम लम्हों में टीम ने दो गोल खाने के साथ मैच गंवा दिया। इस दौरान आर्येन रोबेन ने विवादास्पद पेनल्टी को गोल में बदलकर नीदरलैंड को अंतिम आठ में जगह दिलाई।
वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) इस तरह की घटना को दोहराने से रोकने के लिए मौजूद है लेकिन गुआर्डेडो ने इटली के रैफरी जियानलुका रोची को चेताया है कि वह दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी नेमार के झांसे में नहीं आएं।
गुआर्डेडो ने कहा कि नेमार को फाउल को बढ़ा चढ़कार पेश करने और मैदान पर बार बार गिरने के लिए जाना जाता है। दूसरी तरफ ब्राजील की टीम ने धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल की है और मैक्सिको के लिए उसकी चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा।
कोलंबियाई कोच युआन कार्लोस ओसोरिया के मार्गदर्शन में हालांकि मैक्सिको की टीम निडर खेल दिखा रही है और डरने की जगह विरोधी टीमों पर हावी होकर खेलने की कोशिश कर रही है।
टीम ने अपने पहले ही मैच में विश्व चैंपियन जर्मनी को हराया जो इस हार से नहीं उबर पाई और 80 साल में पहली बार विश्व कप के पहले दौर से बाहर हो गई।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं -
मैक्सिको
- कोच: जुआन कार्लोस ओसोरियो
- गोलकीपर्स: गुइलर्मो ओकोआ, अल्फ्रेडो तालावेरा, जेसस कोरोना
- डिफेंडर्स: कार्लोस सल्सेडो, डिएगो रेयस, हेक्टर मोरेनो, ह्यूगो याला, एडसन एल्वरेज, जेसस गलार्डो, मिगल लायुन
- मिडफील्डरर्स: राफेल मारक्वीज, हेक्टर हेरेरा, जोनाथन डॉस सैंतोस, जियोवानी डॉस सैंतोस, आंद्रेस गुआरडाडो, मार्को फैबियन।
- फॉर्वर्ड्स: जेवियर हर्नांडेज, राउल जिमेनेज, ओरिबे पेराल्टा, जीजस मैनुअल कोरोना, कार्लोस वेला, जेवियर एक्विनो, हिरविंग लोजानो।
- सब्सिट्यूट: एरिक गुइटेरेज।
ब्राजील
- कोच: टाइट
- गोलकीपर्स: एलिसन, एंडरसन, कैसियो।
- डिफेंडर्स: डैनिलो, फैगनर, मार्सेलो, फिलिपे लुईस, थियागो सिल्वा, मारक्यून्हो, मिरांडा, पेडरो गेरोमल।
- मिडफील्डरर्स: कैसेमिरो, फर्नांडिन्हो, पाउलिन्हो, फ्रेड, रेनाटो अगस्टो, फिलिपो काउटिन्हो, विलियम, डगलस कोस्टा।
- फॉर्वर्ड्स: नेमार, तायसन, ग्रैबियल जीजस, रॉबर्टो फिरमिनो।